
सहारनपुर. अयोध्या में राम जन्मभूमि-बाबरी मस्जिद विवाद (Ram Janmabhoomi Babri Masjid Dispute) पर आज सुप्रीम कोर्ट की पांच सदस्यीय बेंच ने एतिहासिक फैसला सुना दिया है। अयोध्या (Ayodhya Verdict) मामले पर सुप्रीम कोर्ट ने फैसला दिया कि विवादित ढांचे की जमीन हिन्दुओं को दी जाएगी। वहीं मस्जिद के लिए सरकार दूसरी जगह पांच एकड़ जमीन देगी। इस फैसले को लेकर कांग्रेस (Congress) प्रदेश के बड़े नेता इमरान मसूद (Imran Masood) ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सभी को सम्मान करना चाहिए। वहीं पद्मश्री भारत भूषण ने कहा है कि सुप्रीम कोर्ट ने बिल्कुल सटीक फैसला सुनाया है।
अयोध्या फैसले पर पद्मश्री भारत भूषण ने कहा है कि धैर्य और धर्म एक साथ चलते हैं। आज आए फैसले ने यह साफ कर दिया है कि न्यायालय में न्याय है और धैर्य का फल मिलता है। 5 जजों की बेंच ने फैसला सुनाया है, उनमें हिंदू और मुसलमान दोनों ही धर्म के जज थे, लेकिन वह सिर्फ जज थे। उन्होंने बिल्कुल सटीक फैसला सुनाया है। फैसले के साथ ही एक पुराना चला आ रहा विवाद भी खत्म हो गया है। हम हमारी अगली पीढ़ियों के लिए इस पल के साक्षी बने हैं।
वहीं सुप्रीम कोर्ट के एतिहासिक फैसले को लेकर उत्तर प्रदेश कांग्रेस के दिग्गज नेता इमरान मसूद ने सांप्रदायिक सौहार्द का परिचय देते हुए कहा है कि सुप्रीम काेर्ट के फैसले का सभी को सम्मान करना चाहिए। बता दें कि सुप्रीम काेर्ट के फैसले से पहले ही सहारनपुर में जगह-जगह पुलिस फोर्स को तैनात कर दिया गया है। वहीं सोशल मीडिया पर अनर्गल पोस्ट पर लगाम लगाने के लिए देवबंद में इंटरनेट को सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद बंद कर दिया गया है।
Published on:
9 Nov 2019, 12:10 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.