
ritu saharanpur
सहारनपुर। कोतवाली सदर बाजार की हिम्मत नगर कॉलोनी से 11 मार्च काे संदिग्ध हालाताें में लापता हुई विवाहिता रितु शर्मा का शव अगले ही दिन हरिद्वार पुलिस काे मिल गया था लेकिन पुलिस ने इसके शव का लावारिस में अंतिम संस्कार कर दिया था। चाैंका देने वाला यह खुलासा अब मामले की जांच सहारनपुर से मुजफ्फरनगर ट्रांसफर होने के बाद हुआ है। पिछले माह 11 मार्च को रितु संदिग्ध हालातों में लापता हाे गई थी और अगले दिन 12 मार्च को उसका शव हरिद्वार के पथरी थाना क्षेत्र में मिला था। परिजन और पुलिस यहां उत्तर प्रदेश में रितु की तलाश करते रहे और हरिद्वार पुलिस ने शिनाख्त नहीं हाेने पर इसके शव का लावारिस में अंतिम संस्कार कर दिया। रितु शर्मा बिहार के सहरसा जिले के डीएम की बहन बताई जाती हैं। इस घटना ने पुलिस की बड़ी लापरवाही उजागर हुई है।
रितु शर्मा मूल रूप से शामली के कांधला की रहने वाली थी। रितु की शादी सहारनपुर के कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र के हिम्मतनगर में हुई थी। शादी के बाद से ही परिवार के लोग आरोप लगा रहे थे कि रितु का उत्पीड़न किया जा रहा है। दहेज के लिए उसे ससुराल में परेशान किया जा रहा है। रितु शर्मा की ही तहेरी बहन बिहार के सहरसा में डीएम हैं। 11 मार्च को रितु संदिग्ध हालातों में अचानक अपने ससुराल से लापता हो गई। ससुराल पक्ष ने इसकी सूचना पुलिस को दी और जब रितु शर्मा के मायके वालों को इस बात का पता चला तो वह भी पुलिस थाने पहुंचे और ससुरालियों पर आरोप लगाया। पुलिस ने संदेह के आधार पर रितु शर्मा के पति को हिरासत में ले लिया और रितु की तलाश की जाने लगी। दिन तारीख बीत गए लेकिन रितु का कोई पता नहीं चला। इसके बाद ऋतु के परिजनों ने आईजी शरद सचान से मिलकर इस पूरे मामले की जांच मुजफ्फरनगर पुलिस को ट्रांसफर करा दी। इस दौरान ऋतु के परिजनों ने कहा कि सहारनपुर पुलिस इस मामले में दिलचस्पी नहीं ले रही है और यही कारण है कि ऋतु का कोई पता नहीं चल पा रहा। जांच मुजफ्फरनगर ट्रांसफर होने के बाद जब नए सिरे से शुरू हुई तो चौंका देने वाला सुराग मिला। पता चला कि रितु शर्मा के हुलिए जैसी ही एक महिला का शव हरिद्वार जिले में गंगा नदी से मिला है। इस मामले की जांच कर रहे जांच अधिकारी ने हरिद्वार की पथरी थाना पुलिस से संपर्क किया और व्हाट्सएप पर उस महिला के फोटो मंगाए जिसका शव रितु शर्मा के गायब होने के अगले दिन हरिद्वार में मिला था। इसके बारे में कोई भी जानकारी नहीं होने पर पुलिस ने इसके शव का लावारिस में अंतिम संस्कार कर दिया था जब पुलिस ने व्हाट्सएप पर आई फोटो रितु शर्मा के परिजनों को दिखाई तो उनके पैरों से जमीन खिसक गई दरअसल यह फोटो शर्मा के ही थे। अब रितु शर्मा की मौत की पुष्टि होने के बाद से दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस अब नए सिरे से इस पूरी घटना की जांच शुरू करके यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर रितु शर्मा हरिद्वार कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई है रितु शर्मा की लाश भले ही गंगा नदी से मिली हो लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि मौत का कारण क्या था।
Updated on:
3 Apr 2019, 8:08 PM IST
Published on:
3 Apr 2019, 7:28 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.