सहारनपुर।
कांवड़ मार्ग की दुर्दशा को सामने लाने वाली पत्रिका की खबर का बड़ा असर हुआ है। सहारनपुर जिलाधिकारी ने नेशनल हाईवे को गड्ढा मुक्त नहीं करने और पैचिंग का कार्य नहीं कराने पर एनएचआई के प्राधिकृत अधिकारी प्रमोद सिंह के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने के आदेश दिए हैं। अपने आदेशों में जिलाधिकारी ने कहा है कि कांवड़ यात्रा की व्यवस्थाओं के लिए और यात्रा को सकुशल संपन्न कराने के लिए बार बार निर्देश दिए गए थे कि कावड़ मार्ग को दुरुस्त किया जाए और गड्ढा मुक्त किया जाए, लेकिन इन आदेशों का पालन नहीं हुआ और कांवड़ यात्रा को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा। इसी लापरवाही के मद्देनजर अब FIR के आदेश दिए गए हैं।