शिवमणि त्यागी/सहारनपुर. सहारनपुर जिले में अभी तक भले ही लोग पुलिस के डर से हेलमेट लगाते रहे हों, लेकिन अब उन्हें पुलिस नहीं, बल्कि पत्नी के डर से हेलमेट लगाना होगा। एसएसपी बबलू कुमार के निर्देशों के बाद ट्रैफिक पुलिस ने हेलमेट अभियान को करवा चौथ के त्यौहार से जोड़ दिया है। उन्होंने महिलाओं से अपील की गई है कि करवाचौथ के दिन जब महिलाएं अपने पतियों की लंबी आयु के लिए व्रत रखें तो इसी व्रत में वह अपने पतियों से सुरक्षित सफर का वचन भी लें। इस दौरान वह अपने पतियों से कहें कि लंबी आयु के लिए वह हमेशा दुपहिया वाहन पर हेलमेट लगाकर ही चलेंगे। यानी साफ है कि सहारनपुर जिले में अब लोग पुलिस के डर से नहीं, बल्कि पत्नी की वजह से दुपहिया वाहनों पर हेलमेट लगाकर निकलेंगे।