10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

नाले पर धन्नासेठों ने बना लिए मकान, हाईवे की जमीन पर मिला अवैध कब्जा

निगमायुक्त ने अवैध निर्माण हटाने के लिए दिया तीन दिन का अल्टीमेटम, सर्विस लेन बनाने को हटेंगे अवैध कब्जे, पन्ना नाका में हाइवे की पटरी पर भी होगा डामर, एसडीएम की मौजूदगी में किया चिन्हांकन

3 min read
Google source verification

सतना

image

Suresh Mishra

Oct 07, 2018

Illegal occupation of land on satna highway

Illegal occupation of land on satna highway

सतना। फ्लाइओवर की सर्विस लेन के काम को तेजी देने के लिए शनिवार को निगम और प्रशासनिक अधिकारियों ने मौका मुआयना किया। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर मौजूदा सर्विस लेन की चौड़ाई नापी गई। कई स्थानों पर सर्विस लेन तय 7 मीटर से काफी कम चौड़ी 3 मीटर तक मिली। सबसे बुरी स्थिति सेमरिया चौक से होटल दशमेष पैलेस तक मिली। यहां भवन स्वामियों का हाइवे की जमीन पर कब्जा पाया गया। कुछ भवन स्वामी नाले पर ही अपना भवन खड़ा कर लिए हैं, सत्ताधारी दल से जुड़े एक व्यक्ति बिजली का पोल ही भवन के अन्दर कर लिया है।

ये है मामला
कलेक्टर मुकेश शुक्ला के निर्देश के बाद शनिवार को निगमायुक्त प्रवीण सिंह अढ़ायच व एसडीएम पीएस त्रिपाठी ने कार्रवाई शुरू की। होटल सवेरा के सामने से फ्लाइओवर की सर्विस लेन के लिए निरीक्षण शुरू किया। सबसे पहले उन्होंने अशोका पैलेस के सामने पडऩे वाले मोड़ पर बॉटल नेक को चिह्नित करवाया। भवनों की नाप भी करवाई गई। होटल चंद्र व्यू का काफी हिस्सा अतिक्रमण में पाया गया। आगे भी भवन का कुछ हिस्सा अतिक्रमण में पाया गया। कौशल विकास केन्द्र के बगल स्थित झुग्गी बस्ती का भी सर्वे करने और हटाने की प्रक्रिया प्रारंभ करने के निर्देश दिए। हैंड पंप सर्विस लेन में पाया गया, उसे हटाने को कहा। एक हिस्सा सीसी नहीं पाया गया। बताया गया कि यहां नाला है।

विद्युत पोल को किया कब्जे में
सेमरिया चौक पर सिद्धांत होटल से लगा एक अवैध निर्माण पाया गया। मौजूद लोगों ने विजय पटवारी का बताया। यह पूरी तरह से अतिक्रमण में पाया गया। कुछ लोगों ने इसे पार्षद का भवन बताया। यहां विद्युत पोल को भी निर्माण के अंदर कर लिया है। निगमायुक्त ने चेताया कि तीन दिन के अन्दर हटा लो, वरना गिरा दिया जाएगा।

आधा सैकड़ा झुग्गियों की बस्ती ओवरब्रिज में बाधा
ओवरब्रिज के नीचे बसी अवैध झुग्गी बस्ती का निरीक्षण भी हुआ। अधिकारी देख कर दंग रह गए कि यहां मुंबई की धरावी की तरह झुग्गियां तन गई हैं। निरीक्षण के दौरान जुआ सट्टा होते पाया गया। लोगों ने बताया कि यहां कई अवैध काम भी होते हैं। सेतु निर्माण विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस बस्ती को हटाए बिना ओवरब्रिज के फुटपाथ उन्नयन और अन्य निर्माण कार्य नहीं हो सकेंगे। इन्हें हटाने के लिये व्यापक पैमाने पर सुरक्षा बल की जरूरत होगी। यहां दो तीन महिलाएं ऐसी मिली जो शासकीय कार्रवाई में बाधक बन रही थीं।

सिविल लाइन छोर की सर्विस लेन रेलवे रोड से मिलेगी
सिविल लाइन से ओवर ब्रिज तक पटरी के सीसी किए जाने का निरीक्षण हुआ। दक्षिणी दिशा की सर्विस लेन जो अभी पूरी तरह बंद है उसे चालू करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए पटरी के चल रहे काम को रेलवे सड़क से मिलाने के निर्देश दिए गए। ओवरब्रिज की क्रॉसिंग को व्यवस्थित करने कहा गया।

पन्ना नाका एरिया बनेगा मॉडल
निगमायुक्त ने पन्ना नाका एरिया का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि हाइवे के लेबल से पटरी काफी ऊंची है। जिस वजह से यहां पानी भरता है और सड़क खराब होती है। इस पर उन्होंने निर्णय लिया कि कल्याण पेट्रोल पंप के आगे से लेकर उमरी नाले तक हाइवे की पटरी को नीचा किया जाए। साथ ही हाइवे का 7 मीटर हिस्सा पूरी तरह से रिपेयर करने के साथ पटरी को भी डामरीकृ त करने का निर्णय दिया। इसके बाद के हिस्से में पेवर लगाए जाएंगे। साथ ही निगम के नाले का लेबल भी नीचा किया जाएगा।

तीन मीटर के लिए जगह नहीं
होटल सिद्धांत और सूरी बिल्डिंग में भी नाप में अवैध कब्जा पाया गया। भवन का एक हिस्सा हाइवे के नाले के ऊपर पाया गया। सर्विस लेन के लिए जगह भी कम पाई गई है। निगमायुक्त ने यहां भी कार्रवाई की बात कही है। आगे पेट्रोल पंप के सामने भी सर्विस लेन ३ मीटर मिली। पेट्रोल पंप से लगी कई दुकाने और चिकित्सक का क्लीनिक भी अवैध कब्जे में पाया गया।

हाउसिंग बोर्ड बिल्डिंग में बढाई दुकानें
उत्तरी सर्विस लेन का निरीक्षण पूरा होने के बाद निगमायुक्त ने सांध्यकालीन इलाहाबाद बैंक के सामने से हाउसिंग बोर्ड की दुकानों का निरीक्षण किया। यहां दुकाने एक से डेढ़ मीटर आगे पाई गईं। जब दुकानों का मुआयना किया गया, तो पाया गया कि सभी दुकानदारों ने मूल निर्माण से डेढ़ मीटर तक अतिरिक्त निर्माण कर लिया है। इन्हें स्वयं से तीन दिन के अंदर हटाने के निर्देश दिए। एक बड़ी बिल्डिंग का बाहरी हिस्सा भी अवैध कब्जे में पाया गया।

शिफ्ट होंगे विद्युत पोल
निगामायुक्त ने साथ चल रहे विद्युत विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि विद्युत पोल भी शिफ्ट करने का प्लान और आवश्यक तैयारियां कर लें। क्योंकि इसकी वजह से सर्विस लेन का काम करने के लिए जगह नहीं मिल पा रही है।