सतना. 9 वर्ष की अबोध उम्र में विवाह, 16 की आयु में बनी मां। तीन बच्चों के साथ माता-पिता व परिवार की सेवा फिर भी जारी रहा संघर्ष। पढऩे की ललक ऐसी कि 35 की उम्र में बड़े बेटे के साथ 12वीं की परीक्षा दी और प्रथम श्रेणी में उत्तीर्ण किया। इससे उत्साह बढ़ा तो 45 वर्ष की आयु तक एमए और एलएलबी की डिग्री पूरी की। अब शहर की मेयर हैं। संघर्ष और जब्जे की यह कहानी किसी आदिवासी बाला की नहीं, बल्कि सतना शहर की प्रथम नागरिक महापौर ममता पाण्डेय की है। सफलता से पहले उनका जीवन भी एक सामान्य महिला की तरह संघर्ष भरा रहा, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी। राजनीति के अखाड़े में कई बार पटखनी खाई। पार्टी से पार्षदी के टिकट के लिए भी संघर्ष करना पड़ा पर उनके कदम कभी नहीं डगमगाए। उन्होंने अपनी हार को जीत समझा और कर्तव्य पथ पर डटी रहीं। परिणाम, आज वह अपनी मेहनत और लगन के कारण ही आम गृहणी से शहर की महापौर की कुर्सी तक पहुंच सकी हैं। महापौर ने बताया, 1971 में 9 साल की उम्र में विवाह होने से उन्हें पढ़ाई बीच में छोडऩी पड़ी। 24 की उम्र पर वह तीन बच्चों की मां बन चुकी थीं। पति की सेवा, बच्चों की देखभाल की जिम्मेदारी उनके सिर थी। लेकिन, पढऩे का जुनून दिल में कौंध रहा था। वह जब भी वह पढऩे की बात करतीं, इंजीनियर पति बद्री प्रसाद पाण्डेय ताना मारते कि इस उम्र में तुम क्या पढ़ोगी, अब बच्चों को पढ़ाओ। लेकिन, उनकी जिद के सामने पति पिघल गए और अंबिकापुर से सतना में शिफ्ट होते ही पढऩे की इजाजत दे दी।