2 नवंबर 2026,

सोमवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सरकार के पापों का घड़ा भरा, विस चुनाव में फूटेगा, यहां पढे खबरें

पोल खोल जन जागरण यात्रा: नेता प्रतिपक्ष ने प्रदेश सरकार पर किए सीधे हमले
3 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सतना

•

image

Sajal Gupta

•

Updated: 26 Jul 2018, 5:03 PM IST

सरकार के पापों का घड़ा भरा, विस चुनाव में फूटेगा, यहां पढे खबरें

सरकार के पापों का घड़ा भरा, विस चुनाव में फूटेगा, यहां पढे खबरें

सतना. मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा के बाद कांग्रेस की निकाली जा रही पोल खोल जनजागरण यात्रा को भी जिले में अच्छा रिस्पांस मिल रहा है। पहले दिन की यात्रा के दौरान सभाओं में लोगों के बीच उत्साह देखने को मिला। हालांकि कुछ स्थानों पर गुटीय मनमुनाव भी सतह पर देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने प्रदेश सरकार पर सीधा हमला बोला। कहा, सरकार के पापों का घड़ा भर चुका है, जिसका विधानसभा चुनाव में फूटना तय है। मुख्यमंत्री ने प्रतिभाओं का गला घोटने का काम किया है। आज व्यापक घोटाला प्रदेश ही नहीं देश में बदनुमा दाग बन चुका है और इसकी कालिख कभी नहीं पुत सकती है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष जीतू पटवारी और युकां प्रदेशाध्यक्ष कुणाल चौधरी ने भी संबोधित किया। यात्रा के दौरान जिले में कई स्थानों पर जनसभाएं आयोजित की गईं। बारिश के बीच भी काफी संख्या में उत्साही जनसमुदाय देखने को मिला। पहली सभा बिरसिंहपुर में हुई। इसके बाद आमा देवरी, कुलगढ़ी और सतना में जनसभा आयोजित की गई।
व्यापमं घोटाले पर घेरा : नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह ने कहा, लोकतंत्र के लिए इससे बड़े दुर्भाग्य की बात और क्या हो सकती है कि व्यापमं घोटाले के माध्यम से प्रदेश की लाखों काबिल युवाओं का अवसर छीन कर अपात्रों को लाभान्वित किया गया। इन युवा प्रतिभाओं का गला घोटने वाले मुख्यमंत्री अब जन आशीर्वाद मांग रहे हैं। उन्होंने सवाल खड़ा किया कि 15 वर्षों के कार्यकाल में मुख्यमंत्री ऐसी कोई बड़ी सौगात बताएं जो उन्होंने प्रदेश की जनता को दी हो और जनता उन पर गर्व कर सके। दावा किया कि मुख्यमंत्री की सरपरस्ती में प्रदेश भ्रष्टाचारियों के लिए चारागाह बन चुका है। ऐसी कोई सरकारी दहलीज नही है जहां पर जनता को पैसे ना देने पड़ते हों।
आशीर्वाद नहीं प्रायश्चित कर रहे सीएम : प्रदेश कांग्रेस के कार्यवाहक अध्यक्ष जीतू पटवारी ने मुख्यमंत्री की जन आशीर्वाद यात्रा पर कटाक्ष करते हुए कहा कि जनता की जेबों में डकैती डालने वाले, सरकारी योजनाओं से अपना घर भरने वाले, एक से बढ़कर एक भ्रष्टाचार करने वाले लोगों को अगर जनता के पास जाना ही है तो आशीर्वाद के लिये बल्कि अपने पापों के प्रायश्चित के लिये जा रहे हैं। इस यात्रा के माध्यम से हम प्रदेश के मुख्यमंत्री और प्रदेश की भाजपा सरकार के असली चेहरे को बेनकाब कर रहे हैं। सभाओं में अपने से आने वाली जनता साबित कर रही है कि जमीन पर भाजपा का ग्राफ गिर रहा है।
जगह-जगह स्वागत
यात्रा का जगह जगह स्वागत हुआ। शहर में उत्साही युवाओं ने कई स्थानों पर ढोल नगाड़ों के साथ नेताओं का स्वागत किया। इसी तरह यात्रा के दौरान कई स्थानों पर लोगों का हुजूम स्वागत के लिये उमड़ा। बिरसिंहपुर की भीड़ तो कांग्रेस केउ उत्साह को दोगुना कर गई। सभाओं में स्वागत उद्बोधन जिलाध्यक्ष राजेन्द्र मिश्रा ने किया। सतना में युकां अध्यक्ष राजदीप सिंह मोनू समर्थकों ने जमकर स्वागत किया तो देवेन्द्र तिवारी समर्थकों ने भी कुणाल चौधरी का स्वागत किया।

जनता को जवाब नहीं दे सकी सरकार
अजय सिंह ने कहा कि अविश्वास प्रस्ताव के दौरान जनता को जवाब देने की बजाय सरकार भाग खड़ी हुई। प्रदेश के लोकतांत्रिक इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब सरकार जनता के सवालों से मुंह चुराती दिखी। मुख्यमंत्री ने लोकतंत्र के मंदिर की पवित्रता को कलंकित किया है। जनता से अपील की, पिछली बार सात में से चार सीटें आपने दी थी लेकिन इस बार यह प्रयास करें कि इस सरकार की धोखेबाजी के कारण इस बार भाजपा का खाता न खुले। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सरकारी खर्चे पर पार्टी की यात्रा निकाल रहे हैं। पूरा सरकारी अमला भीड़ जुटाने में जुटा है तो लोगों पर दबाव डाल कर सभाओं के खर्चे निकाले जा रहे हैं।
बेरोजगारों से छीनी रोटी : मप्र युवक कांग्रेस के अध्यक्ष कुणाल चौधरी ने प्रदेश सरकार पर बेरोजगारों के मुंह से रोटी छीनने का आरोप लगाते हुए कहा कि 15 वर्षों के कार्यकाल में अगर सबसे ज्यादा किसी के साथ ज्यादती की गई है तो वह प्रदेश के नौजवानों और बेरोजगारों से। सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश के हजारों नौजवान आत्महत्या कर चुके हैं। युवाओं का आह्वान किया कि अब जवाब देने का वक्त आ चुका है। जिले के हर युवा को घर से बाहर निकलकर विधानसभा के चुनाव मे भाजपा उम्मीदवारों को करारी शिकस्त देनी होगी।
विधायक के खिलाफ नारेबाजी
यात्रा के दौरान कुछ स्थानों पर गुटबाजी भी देखने को मिली। बिरसिंहपुर की सभा में विक्रमादित्य सिंह गिनी को पहले पीछे बैठाया गया। बाद में समर्थकों ने उन्हें आगे किया। इसी तरह से यहां चित्रकूट विधायक नीलांशु के खिलाफ राघवेन्द्र त्रिपाठी समर्थकों ने जमकर नारेबाजी की और मुर्दाबाद के नारे लगाए। यात्रा के दौरान पूर्व मंत्री सईद अहमद, विधायक यादवेन्द्र सिंह, विधायक नीलांशु चतुर्वेदी, सिद्धार्थ कुशवाहा, जिला कांग्रेस के अध्यक्ष राजेन्द्र मिश्रा, शहर कांग्रेस अध्यक्ष मकसूद अहमद, पूर्व महापौर राजाराम त्रिपाठी, मनीष तिवारी, दिलीप मिश्रा, सुधीर सिंह तोमर, अभय सिंह रोली, गणेश त्रिवेदी, रवीन्द्र सिंह सेठी, उर्मिला त्रिपाठी, विक्रमादित्य सिंह, गया बागरी, शिवा अग्रहरी, अजीत सिंह, राजभान सिंह, डॉ. पी.डी. पटेल, अतुल सिंह परिहार, धरम श्रीवास्तव, रमेश द्विवेदी, शंकरदीन कुशवाहा, रामायण प्रताप सिंह, राहुल सिंह, राजीव बैरागी, राजदीप सिंह मोनू, स्वतंत्र मिश्रा, महीपत शुक्ला, गीता सिंह, रामप्रताप कुशवाहा, योगेश त्रिपाठी, राजेन्द्र गर्ग, प्रवीण सिंह, शंकर प्रसाद शुक्ला, रणजीत सिंह पटेल, रवि जैसवाल, सतेन्द्र निगम, देवेन्द्र तिवारी, कमलेश मिश्रा, बद्री पाण्डेय, राघवेन्द्र त्रिपाठी, राजकुमार शुक्ला आदि मौजूद रहे।