
MP election 2018: madhya pradesh vidhan sabha chunav ka mukhya mudda
सतना। शहर के व्यापारी वर्ग से पत्रिका ने सोमवार को विधानसभा चुनाव 2018 के मुख्य मुद्दों को लेकर चर्चा की। व्यापारियों ने एक स्वर में कहा कि शहर का सुनियोजित विकास ही मुख्य मुद्दा है। लोगों को धूल के गुबार से राहत मिले, मुख्य मार्गों का आधा-अधूरा निर्माण जल्द पूरा हो, चिकित्सा सुविधाओं में बढ़ोतरी, मेडिकल कॉलेज की शीघ्र स्थापना की जाए, जिले में भरहुत जैसे अन्य पुरातात्विक महत्व के स्थानों का पर्यटन की दृष्टि से विकास हो।
योजनाबद्ध तरीके से हो विकास
विस चुनाव 2018 में कोई प्रादेशिक या राष्ट्रीय मुद्दा नहीं है। व्यापारियों सहित सभी वर्ग के लिए चुनाव में सबसे अहम मुद्दा है शहर का योजनाबद्ध तरीके से विकास। जो भी प्रत्याशी शहर में वर्षों से चल रहे निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा करने का वादा करेगा उसे महत्व दिया जाएगा।
पारस जैन, व्यापारी बिरला रोड
स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क पर हो काम
स्वास्थ्य, शिक्षा और सड़क मुख्य मुद्दे हैं। बीमार होने पर लोगों को अभी भी बड़े शहरों की ओर रुख करना पड़ता है। उच्च शिक्षा का जिले में एक भी अच्छा केंद्र नहीं। विद्यार्थी जबलपुर, इलाहाबाद जा रहे हैं। हमारा वोट एेसे प्रत्याशी को जाएगा जो विकास कराने की क्षमता रखता है।
अजय कुमार तिवारी, दवा विक्रेता
बेतरतीब निर्माण ने फेरा पानी
निर्माण कार्य चालू हुआ तो लोगों की उम्मीद जगी थी कि सतना से रीवा की दूरी तय करने का समय आधा हो जाएगा। पर, आधे-अधूरे और बेतरतीब निर्माण ने लोगों की आस पर पानी फेर दिया। उच्च शिक्षा अर्जित करने बच्चों को बाहर भेजना पड़ रहा है। जो प्रत्याशी अपनी घोषणा में इन्हें शामिल करेगा उसी को वोट देंगे।
सुधांशु मिश्रा, जिलाध्यक्ष फर्मासिस्ट एसो.
स्कूलों में शिक्षक की पदस्थापना हो
विस चुनाव के अहम मुद्दे सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य हैं। शहर में अच्छी सड़क हो, अस्पताल में चिकित्सक हो और विद्यालय में सभी विषयों के शिक्षकों की पदस्थापना हो। इन समस्याओं को दूर करने वाले प्रत्याशी को ही वोट देंगे।
शिव प्रसाद पटेल, होटल संचालक
अन्य शहरों के मुकाबले पीछे हम
शहर का विकास सबसे महत्वूपर्ण मुद्दा है। हमारा शहर प्रदेश के अन्य शहरों के मुकाबले पिछड़ा हुआ है। लोगों को अभी भी सड़क, पानी जैसी समस्याओं से जूझना पड़ रहा है। सुनियोजित विकास का विजन रखने वाले प्रत्याशी को ही वोट देंगे।
श्याम गेलानी, व्यापारी रीवा रोड
प्लानिंग से हो शहर का विकास
सड़कों की बदहाली विस चुनाव का मुख्य मुद्दा है। धूल का गुबार लोगों को बीमार कर रहा है। रोजगार-धंधे पर भी असर पड़ रहा है। प्लानिंग बनाकर सड़कों का निर्माण कराया जाना चाहिए।
अशोक सिंह, तोमर ट्रांसपोर्ट
Published on:
13 Nov 2018 05:54 pm
बड़ी खबरें
View Allसतना
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
