7 नवंबर 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

मेहरबान हुए बदरा: शहर में लगी सावन की झड़ी, गांवों में रिमझिम बौछार

मौसम: एक सप्ताह बाद मेहरबान हुए बदरा, दो घंटे में दो इंच बारिश
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सतना

•

image

Suresh Mishra

•

Updated: 8 Aug 2018, 12:04 PM IST

satna weather today

satna weather today

सतना। एक सप्ताह बाद मेहरबान हुए बादल मंगलवार को शहर में झड़ी लगाकर बरसे। दोपहर से शाम तक शहर में झमाझम बारिश जारी रही। सावन में बादलों की इस झड़ी से शहर एक बार फिर पानी से तरबतर हो गया। दो घंटे में शहर में लगभग दो इंच बारिश दर्ज की गई लेकिन दो माह से झमाझम बारिश के लिए आसमान ताक रहे ग्रामीणों को मंगलवार को भी निराश होना पड़ा। ग्रामीण अंचल से प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनभर बादल उमड़ते घुमड़ते रहे पर बरसे नहीं। शाम को शहर में हुई जोरदार बारिश के बीच ग्रामीण अंचल में रिमझिम बारिश हुई, जो धान की रोपाई के लिए अपर्याप्त है।

मौसम खुशनुमा गर्मी से मिली राहत
सावन में एक सप्ताह से बारिश न होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा था। लेकिन मंगलवार को मेहरवान हुए बादल झड़ी लगाकर बरसे। इस बारिश से दिन और रात के तापमान में गिरावट दर्ज की गई। मौसम खुशनुमा हो गया। इससे लोगों को उमसभरी गर्मी से राहत मिली। वहीं शहर में हुई दो इंच बारिश से सड़क एक बार फिर नालों में तब्दील हो गई। शाम को हुई तेज बारिश से प्रमुख सड़कों एवं चौराहों पर पानी भर गया। इससे लोगों को राह चलने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

किसानों से रूठे मेघ
शहर में जोरदार बारिश के बीच आधे जिले के किसानों से सावन में भी मेघ रूठे हैं। जिले की मझगवां, बिरसिंहपुर, कोटर, रामपुर तथा मैहर तहसील में अभी तक इतनी बारिश भी नहीं हुई कि किसान धान की रोपाई कर सकें। सावन भी धीरे-धीरे बीतता जा रहा है। लेकिन, मानसून किसानों पर मेहबान होने को तैयार नहीं। मौसम की बेरुखी से जिले की पांच तहसीलों में सूखे के हालात पैदा हो गए हैं। उक्त तहसीलों में अभी तक औसत की आधी बारिश भी नहीं हुई। किसानों को फसल बचाने सावन में भी पंप से खेतों की सिंचाई करनी पड़ रही है।

नाले पर अतिक्रमण, घरों में घुसा पानी
इधर डिग्री कॉलेज के पश्चिम गहरा नाले पर बसी दुर्गाबस्ती के कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर सड़क बना ली। नाले पर अतिक्रमण का खामियाजा मंगलवार को उस समय बस्ती के लोगों को भुगतना पड़ा, जब दोपहर में हुई तेज बारिश से नाले में आई बाढ़ का पानी दुर्गाबस्ती के घरों में घुस गया। अतिक्रमण से नाली में तब्दील नाला बारिश का दबाव नहीं झेल पाया और नाले का पानी बस्ती में घुस गया। इसकी जानकारी लगते ही नगर निगम का अतिक्रमण दस्ता मौके पर पहुंचा और गहरानाला में मिट्टी पाट किए गए अतिक्रमण को हटाकर जल निकासी का प्रबंध किया। तब कहीं जाकर दुर्गाबस्ती को जलभराव से राहत मिली।

जारी रहेगा बारिश का दौर
मौसम विभाग ने अगले तीन दिन बादल छाने एवं सतना सहित रीवा संभाग में तेज बारिश होने की संभावना व्यक्त की है। इस दौरान कुछ स्थानों पर दो से चार इंच तक बारिश होने के आसार हैं।