
26 people of Panna died in Uttarakhand
सतना।पन्ना जिले के 28 लोगों को चारधाम यात्रा के लिए लेकर जा रही बस रविवार देर शाम उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले की यमुनाघाटी की 200 मीटर गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई। उत्तराखंड के एसीएस (गृह) राधा रतुलि ने इसकी पुष्टि की है। सभी यात्री पन्ना जिले के पवई क्षेत्र च उसके आसपास से चारधाम यात्रा पर निकले थे। हादसे वाली बस यमुनोत्री जा रही थी। हादसा उत्तरकाशी के डामटा में हुआ है। राहत एवं बचाव कार्य देर रात तक जारी था। हादसे में बस सवार उदय सिंह और उसकी पत्नी हकी राजा को रेस्क्यू किया गया है। हकी राजा को डामटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती करवाया गया है। उदय को हल्की चोट है।
ये थे बस में सवार
राजकुमार, राजकुंवर, मेनका प्रसाद, सरोज, बद्री प्रसाद, कर्ण सिंह, उदय सिंह, हक्की राजा, चंन्रकली, मोतीलाल, बल्देव, कुसुमबाई, अनिलकुमारी, कृष्णबिहारी, प्रभा, शकुंतला, पार्वती, शीलाबाई, विश्वकांत, चंद्रकला, कन्छेदीलाल, राजाबाई, धनीराम, कामबाई, वृन्दावन, कमला, रामसाक्षी, गीताबाई हैं। इनके अलावा चालक और क्लीनर भी थे।
तमाम टीमें जुटीं, अंधेरे के कारण परेशानी
खाई काफी सीधी है। अंधेरा होने से बचाव कार्य में काफी मुश्किल आ रही है। बचाव कार्य में उत्तराखंड पुलिस, होमगार्ड, एसडीआरएफ की टीमें जुटी हैं। एसीएस (गृह) उत्तराखंड राधा रतुलि, कलेक्टर उत्तरकाशी अभिषेक रोहिल्ला और एसपी अर्पण यदुवंशी से लगातार संपर्क में हैं। बचाव कार्य और घायलों के इलाज के लिए समन्वय किया जा रहा है।
चौहान ट्रेवल्स की बस
बताया गया है कि जिस बस से हादसा हुआ है वह चौहान ट्रेवल्स हल्द्वानी नवाबी रोड की है। नंबर यूके 04पीए1541 है। खबर लिखे जाने तक बस चालक की पहचान और उसकी हालत की जानकारी नहीं मिल पाई है।
परिजन को आर्थिक सहायता
प्रधानमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2-2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50-50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
Updated on:
6 Jun 2022, 3:11 AM IST
Published on:
6 Jun 2022, 3:11 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.