13 फ़रवरी 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Rajasthan Govt Project: राजस्थान में 4058 करोड़ की परियोजना ने पकड़ी रफ्तार, इन जिलों के 1256 गांवों को मिलेगा पानी

Isarda Water Project: पेयजल संकट के स्थाई समाधान की दिशा में जल जीवन मिशन के तहत ईसरदा-दौसा पेयजल परियोजना तेजी से आकार ले रही है।

3 min read
Google source verification
Isarda Drinking Water Project (1)

पेयजल परियोजना के लिए तैयार किया जा रहा पंप हाउस। फोटो: पत्रिका

Jal Jeevan Mission: सवाईमाधोपुर। पेयजल संकट के स्थाई समाधान की दिशा में जल जीवन मिशन के तहत ईसरदा-दौसा पेयजल परियोजना तेजी से आकार ले रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना के माध्यम से दोनों जिलों के 1256 गांवों और 6 कस्बों में 3 लाख 6 हजार 198 घरेलू जल कनेक्शन किए जाएंगे। इससे लगभग 35 लाख की आबादी को शुद्ध एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा। ईसरदा परियोजना पर कुल 4058 करोड़ रुपए की लागत आएगी।

इस परियोजना से ग्रामीणों को घर-घर नल से जल आपूर्ति सुनिश्चित होगी। पर्याप्त जल उपलब्धता से किसानों को सिंचाई में राहत मिलेगी, वहीं पशुपालकों को पशुओं के लिए पानी की समस्या से निजात मिलेगी। यह योजना न केवल पेयजल संकट को दूर करेगी, बल्कि ग्रामीण अर्थव्यवस्था को भी सशक्त बनाएगी। सवाईमाधोपुर और दौसा के ग्रामीण क्षेत्रों में पानी की कमी का यह एक स्थाई समाधान साबित होगी।

पैकेजवार प्रगति की स्थिति

प्रथम पैकेज: प्रथम पैकेज के अंतर्गत 225 एमएलडी फिल्टर प्लांट, दो स्वच्छ जलाशय (ईसरदा – 24.5 एमएलडी, बगड़ी – 21.5 एमएलडी), दो पंप हाउस तथा 341 किलोमीटर ट्रांसमिशन पाइपलाइन (इनटेक वेल से महुआ तक) बिछाने का कार्य किया जा रहा है। अब तक 286 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। वर्तमान में मुख्य ट्रांसमिशन पाइपलाइन, क्वार्टर, गेस्ट हाउस, स्वच्छ जलाशय एवं फिल्टर प्लांट का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

द्वितीय पैकेज: द्वितीय पैकेज के अंतर्गत ईसरदा बांध पर इनटेक वेल एवं पंप हाउस (भवन निर्माण) का कार्य किया जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत 17.82 करोड़ रुपए है।

तृतीय पैकेज (अ): इस पैकेज के अंतर्गत लालसोट क्लस्टर के 302 गांवों की वर्ष 2054 की अनुमानित 5 लाख 57 हजार 652 आबादी को 33 हजार 460 जल कनेक्शनों के माध्यम से लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही लालसोट शहर की 69 हजार 35 आबादी को भी पेयजल सुविधा मिलेगी। वर्तमान में पाइपलाइन आपूर्ति तथा स्वच्छ एवं उच्च जलाशयों का निर्माण कार्य प्रगति पर है।

तृतीय पैकेज (ब): दौसा क्लस्टर के अंतर्गत 248 गांवों की अनुमानित 5 लाख 92 हजार 868 आबादी को 39 हजार 250 जल कनेक्शनों से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा दौसा शहर की 1 लाख 79 हजार 790 आबादी को भी इस योजना का लाभ मिलेगा।

चतुर्थ पैकेज: बसवा क्लस्टर के अंतर्गत 368 गांवों की अनुमानित 9 लाख 81 हजार 746 आबादी को 58 हजार 562 जल कनेक्शनों से लाभान्वित किया जाएगा। साथ ही बांदीकुई शहर की 1 लाख 56 हजार 800 आबादी को भी पेयजल उपलब्ध कराया जाएगा। इस पैकेज के तहत कुल 2077 किलोमीटर पाइपलाइन प्रस्तावित है, जिसमें से अब तक 1666 किलोमीटर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है।

पंचम पैकेज: महुआ क्लस्टर के अंतर्गत पाइपलाइन सहित स्वच्छ एवं उच्च जलाशयों का निर्माण कार्य जारी है। इस पैकेज में 315 किलोमीटर पाइपलाइन प्रस्तावित है, जिसमें से 208 किलोमीटर का कार्य पूरा किया जा चुका है।

षष्ठम पैकेज: षष्ठम पैकेज के अंतर्गत बौंली, चौथ का बरवाड़ा और मलारना डूंगर क्लस्टर शामिल हैं। इस पैकेज के तहत बौंली तहसील के 99 गांव, मलारना डूंगर तहसील के 61 गांव और चौथ का बरवाड़ा तहसील के 17 गांव पेयजल सुविधा से लाभान्वित होंगे। इस पैकेज का क्रियान्वयन परियोजना खंड सवाई माधोपुर से किया जा रहा है।

राजस्थान से जुड़ी हर ताज़ा खबर, सीधे आपके WhatsApp पर
जुड़ें अभी
: https://bit.ly/4bg81fl