
झाड़ियों में बैठा बाघ। फोटो- पत्रिका
सवाई माधोपुर। रणथम्भौर बाघ परियोजना में जंगल से निकलकर बाघों का त्रिनेत्र गणेश मंदिर मार्ग पर आना लगातार जारी है। बुधवार को भी बाघिन रिद्धि का शावक जंगल से निकलकर मंदिर मार्ग पर आ गया। वन विभाग के अनुसार बाघ के आने से वाहनों को रोकना पड़ा और मार्ग पर लंबी कतारें लग गईं। हालांकि पर्यटन जोन बंद रहने से कोई पर्यटन वाहन मौजूद नहीं था, लेकिन मंदिर दर्शन के लिए आए श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ा। बाघ के आने से एकबारगी दहशत की स्थिति बन गई।
जानकारी के अनुसार अचानक शावक अमराई क्षेत्र में मंदिर मार्ग पर आ गया और करीब पंद्रह मिनट तक पहाड़ी पर बैठा रहा। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और श्रद्धालुओं को समझाइश दी। बाद में शावक जंगल की ओर लौट गया, जिसके बाद यातायात सुचारू हुआ और वनकर्मियों ने राहत की सांस ली।
वन अधिकारियों ने बताया कि रणथम्भौर में वर्तमान में क्षमता से अधिक बाघ, बाघिन और शावक मौजूद हैं। इसी कारण इलाके की तलाश में इन दिनों बाघों का मूवमेंट मंदिर मार्ग पर बढ़ गया है। एहतियात के तौर पर वन विभाग लगातार ट्रैकिंग और मॉनिटरिंग कर रहा है ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
वहीं रणथम्भौर बाघ परियोजना में पार्क भ्रमण के लिए आने वाले पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए वन विभाग ने नया बोर्डिंग प्वाइंट विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके तहत विभाग दो चरणों में काम कर रहा है। पहले चरण में आवासन मंडल मार्ग पर संचालित बुकिंग ऑफिस को उसी मार्ग पर स्थित एक अन्य भवन में शिफ्ट किया जाएगा। दूसरे चरण में यहां पर्यटकों के लिए बोर्डिंग प्वाइंट विकसित किया जाएगा।
वन विभाग के अनुसार नए बोर्डिंग प्वाइंट पर पर्यटकों की सुविधा के लिए टीन शेड, बैठने की व्यवस्था, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। यह व्यवस्था आगामी पर्यटन सीजन से लागू होने की संभावना है। आवासन मंडल मार्ग के अलावा विभाग की ओर से रणथम्भौर रोड स्थित शिल्पग्राम में भी एक बोर्डिंग प्वाइंट विकसित करने की तैयारी की जा रही है। एक अक्टूबर से शुरू होने वाले नए पर्यटन सत्र से यह व्यवस्था लागू होने की संभावना है। हाल ही में हुई बैठक में जिला कलेक्टर ने वन विभाग को इस संबंध में निर्देश दिए थे।
Published on:
13 May 2026 09:53 pm
बड़ी खबरें
View Allसवाई माधोपुर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
