
20 जुलाई को अंतरिक्ष के लिए उड़ान भरेंगे अरबपति जेफ बेजोस
अरबपति जेफ बेजोस जल्द ही अपनी स्पेस कंपनी 'ब्लू ऑरिजन' के नए शेपर्ड रॉकेट में अंतरिक्ष की सैर पर जाएंगे। हाल ही मीडिया को संबोधित करते हुए बेजोस ने कहा कि उनकी कंपनी ब्लू ऑरिजन 20 जुलाई को अपना पहला यात्री-वाहक मिशन लॉन्च करेगी। बेजोस अपने भाई अपने भाई मार्क के साथ इस यात्रा पर जा सकते हैं। उन्होंने एक इंस्टाग्राम पोस्ट में यह घोषणा की। अमेजॉन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के रूप में पद छोडऩे के दो सप्ताह बाद उन्होंने यह योजना बनाई है।
बेजोस ने पोस्ट में कहा कि जब मैं पांच साल का था, तब से मैं अंतरिक्ष यात्रा करने का सपना देख रहा हूं। 20 जुलाई को, मैं अपने भाई के साथ आखिरकार यह यात्रा करूंगा। गौरतलब है कि ब्लू ऑरिजिन बीते कुछ सालों में सामने आईं हाई-प्रोफाइल स्पेस-ट्यूरिज्म कंपनियों में से एक है। जेफ के अलावा एलोन मस्क की स्पेस एक्सप्लोरेशन टेक्नोलॉजीज कॉर्प और रिचर्ड ब्रैनसन की वर्जिन गैलेक्टिक होल्डिंग्स इंक भी इस दौड़ में शामिल हैं।
दरअसल, ब्लू ऑरिजन 20 जुलाई की उड़ान के लिए अपने रॉकेट की एक सीट की नीलामी कर रहा है। यह उड़ान पृथ्वी की उप-कक्षीय अंतरिक्ष सीमा की 11 मिनट की यात्रा होगी जो लगभग 100 किलोमीटर की ऊंचाई तक होगी। इस सीट की नीलामी से मिलने वाली धनराशि ब्लू ऑरिजन के 'क्लब फॉर द फ्यूचर' यूनिट को जाएगी, जो गणित और विज्ञान की शिक्षा को बढ़ावा देती है।
Published on:
14 Jun 2021, 6:42 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.