
इनोवेशन: इंग्लैंड के वैज्ञानिकों ने बनाए ऐसे एंजाइम्स जो प्लास्टिक को कर देंगे नष्ट
दुनिया भर में पर्यावरण के लिए तेजी से बढ़ता प्लास्टिक प्रदूषण का खतरा अब जल्द ही खत्म हो जाएगा। वैज्ञानिकों के प्रयास से यह संभव हो पाया है। दरअसल, इंग्लैंड की पोट्र्समाउथ यूनिवर्सिटटी (Portsmouth University) के वैज्ञानिकों ने ऐसा एंजाइम (Enzyme) तैयार किया है जो कुछ ही दिनों में प्लास्टिक के बड़े से बड़े ढेर को चट कर जाएगा। आमतौर पर प्लास्टिक से बने किसी सामान को पूरी तरह से नष्ट होने में 600 से 1000 साल का समय लगता है। लेकिन पोट्र्समाउथ यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिकों द्वारा विकसित इन सुपर एंजाइम्स के जरिए अब प्लास्टिक कचरा (Plastic Waste) चंद दिनों में नष्ट किया जा सकेगा। वैज्ञानिकों का बनाया यह सुपर एंजाइम अन्य किसी भी एंजाइम की तुलना में छह गुना तेजी से प्लास्टिक को विघटित करने में सक्षम है।
दो एंजाइम्स का संगम
वैज्ञानिकों ने प्लास्टिक खाने वाले दो एंजाइम्स को मिलाकर यह सुपर एंजायम विकसित किया है। यह प्लास्टिक कचरे को नष्ट कर पर्यावरण को स्वच्छ और समुद्रों में लाखों टन प्लास्टिक कचरा हर साल जाने से रोक सकेगा। ये दो खास एंजायम पेटीज और मेथीस हैं जो कि एक विशेष तरह के बैक्टीरिया से बने हैं। यह बैक्टीरिया प्लास्टिक की बोतलों को खाकर जिंदा रहते हैं।
छह गुना ज्यादा तेज है
प्लास्टिक खाने वाले इस नए एंजाइम पेटीज की खोज 2018 में हुई थी। इसका बैक्टीरिया भी प्लास्टिक पर ही जिंदा रहता है। इस नए सुपर एंजायम की प्लास्टिक खाने की क्षमता इस पेटीज एंजायम से छह गुना अधिक है। पोट्र्समाउथ यूनिवर्सिटी के शोधकर्ता और अध्ययन के प्रमुख लेखक प्रोफेसर जॉन मैक्जीहान ने बताया कि अभी हम तेल और गैस जैसे 'जीवाश्म' संसाधनों से जो बिल्डिंग बॉक्स प्राप्त कर रहे हैं, अब उन्हें इस्तेमाल की हुई प्लास्टिक को विघटित करके प्राप्त किया जा सकेगा। यह अध्ययन जर्नल प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल अकेडमी ऑफ साइंस ऑफ यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ अमेरिका में हाल ही में प्रकाशित हुआ है।
प्लास्टिक कचरे पर चिंता इसलिए
-11 मिलियन (1. 10 करोड़) टन प्लास्टिक कचरा जा रहा है समुद्रों में हर साल।
-29 मिलियन टन प्लास्टिक कचरा हो जाएगा 2040 तक पृथ्वी पर।
-80 फीसदी प्लास्टिक होता है कुल समुद्री कचरे में।
-10 लाख समुद्री पक्षी व 1 लाख जलीय जीव प्लास्टिक प्रदूषण से मारे जाते हैं।
Updated on:
01 Oct 2020 07:08 pm
Published on:
01 Oct 2020 07:08 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
