
सीहोर. हेलीकॉप्टर हादसे में शामिल जितेंद्र कुमार वर्मा के दो बच्चे हैं। उनकी एक चार साल की बेटी और महज सवा साल का बेटा है। वे करीब एक माह पूर्व ही अपने बच्चों और परिवार से मिलकर लौटे थे, लेकिन परिजनों को भी क्या पता था, कि वे अब जाएंगे तो लौटकर नहीं आएंगे।, जानकारी के अनुसार करीब दो दिन में उनका शव पहुंचने की संभावना है, जिसका अंतिम संस्कार महज डेढ़ साल का बेटा करेगा। फिलहाल पूरे गांव में मातम छाया हुआ है, हर आंख नम है।
तमिलनाडु में कुन्नूर के जंगल में सेना का एमआई-17 वी 5 हेलीकॉप्टर क्रैश हो गया। हादसे में चीफ ऑफिस डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) जनरल बिपिन रावत के साथ सीहोर के धामंदा का सपूत नायक जितेन्द्र कुमार वर्मा की भी मौत हो गई। जितेन्द्र सीडीएस रावत के पीएसओ थे। पीएसओ वर्मा के पिता शिवराज वर्मा किसान हैं। बताते हैं कि 32 वर्षीय जितेन्द्र कुछ दिन पहले ही छुट्टी लेकर गांव आए थे, जो 9 नवंबर को वापस दिल्ली गए थे। पीएसओ वर्मा की मौत की सूचना मिलते ही उनके गांव में पुलिस बल पहुंच गया, सभी परिजन को सांत्वना देने में लगे हैं।
एएसपी समीर यादव ने बताया कि उनके परिवार में एक छोटा भाई धर्मेन्द्र वर्मा (25) और पिता शिवराज वर्मा हैं। पत्नी सुनीता, जिसकी गोद में चार साल की बेटी श्रीव्या और सवा साल का बेटा चैतन्य है। इनकी शादी साल 2014 में हुई थी, मां धापू बाई (50) गृहिणी हैं। जितेन्द्र 16 मार्च 2011 को आर्मी में भर्ती हुए थे। धामंदा के सरपंच लक्ष्मीचंद ने बताया कि जितेन्द्र काफी मिलनसार थे। जब भी गांव आते थे, सबके साथ रहते और सेना के किस्से सुनाते थे, गांव के युवा उनके काफी प्रभावित थे।
गांव में छाया मातम, हर आंख है नम
पीएसओ जितेन्द्र कुमार वर्मा की हादसे में मौत की खबर पूरे जिले में फैल गई। धामंदा के सपूत की मौत से हर आंख नम है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर श्रद्धांजलि दी है। गांव में उनके घर के बाहर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। सभी परिजन को सांत्वना देने में लगे हैं। पहले तो काफी देर ग्रामीणों ने परिजन से उसके सपूत की मौत का समाचार छिपाया, लेकिन जैसे-जैसे लोग बढ़ते गए, प्रशासन पहुंचा और बात परिजन तक पहुंच गई। इसके बाद सभी का रो-रोकर बुरा हाल है, पत्नी और मां बेसुध हो गई, आंख से आंसू थमने का नाम ही नहीं ले रहे।
डीएनए टेस्ट को आज आएगी मेडिकल टीम
धामंदा गांव में पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंच गई है। अफसर परिजन के उनके बारे में जानकारी ले रहे हैं। पीएसओ वर्मा का पार्थिव शरीर मेडिकल और प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी होने के बाद दो दिन में सीहोर पहुंचने की संभावना है। इछावर एसडीएम विष्णु यादव ने बताया कि गुरुवार को उनके घर डीएनए टेस्ट के लिए मेडिकल टीम आएगी। परिजन का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा, उसके आधार पर शव की पहचान कर पार्थिव शरीर परिजन को दिया जाएगा। प्रशासन की मौजूदगी में सैनिक सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
Updated on:
9 Dec 2021, 5:12 PM IST
Published on:
9 Dec 2021, 12:44 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.