
मरीज के परिजन ने की डॉक्टर से मारपीट, कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज
सिवनी. जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में एक ओर जहां कलेक्टर रात-दिन लगे हैं वहीं कभी डॉक्टरों द्वारा मरीजों के साथ तो कभी मरीज द्वारा डॉक्टरों के साथ की जा रही बदसलूकी मारपीट की घटनाओं का दौर थमने का नाम नहीं ले रहा है। ऐसे में जिला अस्पताल की पदस्थ सुरक्षा कर्मी और सुरक्षा को लेकर स्वास्थ्य प्रशासन कितना गंभीर है इसकी पोल भी खुल गई।
शुक्रवार को सुबह जिला अस्पताल में मरीज के परिजनों ने बुजुर्ग डॉक्टर से मारपीट कर दी। अभी एक सप्ताह पहले ही जिला अस्पताल में एक डॉक्टर का गाली देता और सुरक्षाकर्मी से एंबुलेंस चालक की मारपीट का वीडियो सामने आया था। जिस पर कलेक्टर ने डॉक्टर पर कार्रवाई भी की थी। वहीं इस तरह की घटनाओं से जिला अस्पताल की छवि धूमिल होते जा रही है।
चिकित्सक डॉ. आरके शर्मा से शुक्रवार की सुबह एक मरीज के परिजन ने मारपीट कर दी। वहीं डॉक्टर ने मरीज के परिजन पर मारपीट का आरोप लगाया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार डॉ. शर्मा जब ड्यूटी दे रहे थे उसी समय एक शख्स तीरथप्रसाद मानेश्वर अपने भतीजे के उपचार कराने पहुंचा और डॉक्टर से जांच के लिए कहा। जिस वक्त मरीज को वहां पर लाया गया था वह मृत हो चुका था। आक्रोशित परिजन तीरथ प्रसाद ने चिकित्सक से मारपीट कर दी। जिसके बाद जिला अस्पताल के चिकित्सक एकजुट होकर कोतवाली पहुंचे और संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में मरीज के परिजन के खिलाफ २९३, ३५३,१८६ और चिकित्सकों से जुड़े अधिनियम २००८ की धारा चार के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी है।
वहीं सिविल सर्जन डॉ. विनोद नावकर ने आवेदन मिलने की बात स्वीकारी है लेकिन उन्होंने इसे नहीं देखा है। नावकर का कहना है कि आक्रोशित शख्स ने आकर सीधे मारपीट शुरु कर दी थी। वहीं चिकित्सकों ने बताया कि जिला अस्पताल में चिकित्सकों की अत्यधिक कमी है जिसके कारण मरीज को तत्काल देखने में देरी हो रही है। सभी पीडि़त मरीज पहले उनका जांच किए जाने की बात कहते हैं। डॉक्टर की कमी के चलते ही अक्सर वाद-विवाद बढ़ रहे हैं।
इनका कहना है,
जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने कोतवाली में लिखित शिकायत दी है। मामला दर्ज कर जांच शुरु कर दी गई है। जिस वक्त बच्चा वहां लाया गया था उसकी मौत हो चुका थी।
मनोज गुप्ता, थाना प्रभारी कोतवाली सिवनी
Updated on:
02 Nov 2019 12:54 pm
Published on:
02 Nov 2019 12:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
