
सिवनी. प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को सागर जिले के खुरई से मुख्यमंत्री भावांतर योजना का शुभारंभ किया। प्रदेश शासन की इस अभिनव योजना के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण सूबे के सभी कृषि उपज मंडियों में हुआ। इसके माध्यम से मुख्यमंत्री चौहान ने प्रदेश के कृषकों को संबोधित कर योजना की विस्तार से जानकारी दी। साथ-साथ कृषि को लाभ का धंधा बनाए जाने के लिए चलाई जा रही और प्रस्तावित योजनाओं के बारे में बताया। कहा कि किसानों के लिए भावांतर योजना सुरक्षा कवच है।
कृषि उपज मंडी सिमरिया में जिस समय योजना का लाइव सीधा प्रसारण प्रोजेक्टर के माध्यम से हो रहा था उसी समय करीब 1.30 बजे कृषि उपज मंडी सिमरिया की बिजली बंद हो गई। इससे प्रोजेक्टर पूरी तरह से बंद हो गया। कुछ मिनट बाद जब बिजली आई तो प्रोजेक्टर पर लाइव चैनल ही बदल गया। दूसरे चैनल लगने पर उसमें फेसियल क्रीम का विज्ञापन करते एक मॉडल दिखी तो पूरा कार्यक्रम जोरदार ठहाकों से गूंज उठा। उसको बदलने के प्रयास में भी न्यूज चैनल और दूसरी भाषा के चैनल प्रोजेक्टर पर दिखाई दिए। काफी देर बाद सीएम का लाइव प्रसारण पुन: शुरू हो पाया।
भावांतर योजना के शुभारंभ अवसर पर मध्यप्रदेश शासन के चिकित्सा शिक्षा (स्वतंत्र प्रभार) लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री शरद जैन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता सांसद बोधसिंह भगत ने की। कार्यक्रम में सभी ने मुख्यमंत्री का लाइव उद्बोधन एलईडी वाल (प्रोजेक्टर) के माध्यम से सुना।
उधर सीएम के कार्यक्रम की समाप्ति के बाद सभी को लगा कि मंच पर मौजूद प्रभारी मंत्री, सांसद व जनप्रतिनिधि जिले में कितने किसानों ने पंजीयन कराया और अन्य जानकारी के संबंध बालेंगे, लेकिन किसी ने भाषण देना उचित नहीं समझा। प्रभारी मंत्री जैन ने मक्का बिक्री करने आए किसानों में बालकृष्ण सालीराम, ओमप्रकाश ठाकरे को बिक्री प्रमाण-पत्र वितरण कर जिले में इसकी शुरुआत की।
Published on:
17 Oct 2017 11:49 am
बड़ी खबरें
View Allसिवनी
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
