
He first hit the car and then turned the police
कार को मारी टक्कर, फिर पुलिस को घुमाया
शहडोल- शहर के बस स्टैण्ड के नजदीक तेज रफ्तार ऑटो चालक लापरवाही पूर्वक चलाते हुए पहले एक कार को टक्कर मार दी और फिर चंपत हो गया। ऑटो चालक ने पुलिस को भी कुछ दूर घुमाया फिर पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। यातायात प्रभारी नित्यानंद पांडेय ने बताया कि ऑटो क्रमांक एमपी 18 आर 1947 का चालक तेज रफ्तार से चलाते हुए कार को टक्कर मार दिया था। इसके बाद भागने का प्रयास कर रहा था, तभी आरक्षक शैलेन्द्र कोल ने पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार ऑटो चालक नशे की हालत में था और सड़क में फर्राटा भर रहा था। पुलिस ने ऑटो चालक को हिरासत में लेकर थाने में वाहन को जब्त किया है।
--------------------------------------
हादसे में युवक की मौत
शहडोल- जयसिंहनगर अस्पताल में सड़क हादसे के बाद घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। पुलिस ने बताया कि सड़क हादसे के बाद १८ अक्टूबर की रात को एक युवक को भर्ती कराया गया था। युवक की हालत लगातार बिगड़ती जा रही थी और सुधार नहीं आ रहा था। इसी दौरान युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। अब तक मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम किया है।
-------------------------------------
पटाखा जब्त
शहडोल - बुढ़ार पुलिस ने दो अलग-अलग जगहों में दबिश देकर अवैध तरीके से पटाखा की बिक्री करते हुए विस्फोटक जब्त किया है। पुलिस ने बताया कि बुढ़ार के मुकेश केसरवानी अवैध तरीके से बिना लाइसेंस के पटाखा बिक्री कर रहे थे। जहां से पुलिस ने १० हजार नकदी और १० किलो पटाखा जब्त किया है। इसी तरह दूसरी कार्रवाई करते हुए बुढ़ार के सरईकापा में पुलिस ने संतोष प्रजापति को हिरासत में लिया।
------------------------------------
फांसी लगाकर की खुदकुशी
शहडोल- बुढ़ार थाना क्षेत्र के अंतर्गत एक युवक ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस ने बताया कि बुढ़ार के सागर चौधरी ने घर में ही फांसी लगा ली है। परिजनों ने शव लटकते हुए देखा तो पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा तैयार करते हुए पीएम के लिए भेजा। पुलिस के अनुसार रात दस बजे तक आत्महत्या के कारणों की पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस ने मर्ग कायम करते हुए मामले की जांच शुरु कर दी है।
Published on:
21 Oct 2017 01:27 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
