शहडोल. भावांतर भुगतान योजना के तहत किसानों का पंजीयन कराने प्रशासनिक अमला एंड़ी चोटी का जोर लगा रहा है। ज्यादा से ज्यादा किसानों को इससे जोडऩे हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। पहले आनलाईन पंजीयन कराने एक माह से भी अधिक का समय दिया गया। जिसके सार्थक परिणाम सामने नहीं आए तो बुधवार को जिले भर की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा का आयोजन किया गया। जिसमें किसानों का आफलाईन पंजीयन कराने की प्रक्रिया अपनाई गई। जिसमें लगभग 11 सौ किसानों के आवेदन प्राप्त हुए हैं। अब पंजीयन के लिए दो दिन शेष रह गए हैं। शासन द्वारा 24 मार्च पंजीयन की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है। जिसके बाद किसानों के पंजीयन नहीं होगे। २ हजार के पार पहुंचा आंकड़ा बुधवार को आयोजित ग्राम सभाओं में कराए गए आफलाईन पंजीयन के बाद आंकड़ा 2 हजार के पार पहुंच गया है। ग्राम सभा के पूर्व आनलाइन पंजीयन की बात की जाए जो लगभग २७६१ आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 1100 किसानों के पंजीयन किए गए थे। जिसके बाद बुधवार को ग्राम सभाओं के माध्यम से जिले भर से लगभग 1125 किसानों के आवेदन पहुंचे। जिनके पंजीयन के बाद यह आंकड़ा 2108 पहुंच गया है। अब दो दिन शेष रह गए हैं देखना यह है कि विभाग इन दो दिनो में कितने किसानों को योजना से जोड़कर लाभ दिलाने में सफल हो पाता है। किसानों को योजना से जोडऩे के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हें।
करनी पड़ रही मशक्कत
किसानों को उनकी फसल का उचित दाम दिलाने के उद्देश्य से प्रारंभ की गई भावांतर भुगतान योजना किसानों को रास नहीं आ रही है। शायद यही वजह है कि पंजीयन की रफ्तार काफी धीमी है। कुछ ही क्षेत्र ऐसे हैं जहां के किसानों ने पंजीयन कराने में दिलचस्पी दिखाई है। अभी तक जिले के लगभग 3886 किसानों ने आनलाइन व आफलाइन आवेदन किया है। जिसमें से 2108 किसानों का पंजीयन अब तक हो पाया है।