
दो दिन से जिलेभर में जारी झमाझम के चलते कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर आए गए हैं। ऐसे ही एक उफनते नाले को पार करते समय बाइक सवार तीन युवक बह गए।
शाजापुर. दो दिन से जिलेभर में जारी झमाझम के चलते कई स्थानों पर नदी-नाले उफान पर आए गए हैं। ऐसे ही एक उफनते नाले को पार करते समय बाइक सवार तीन युवक बह गए। इसमें से दो मशक्कत के बाद बाहर आ गए, लेकिन तीसरे का पता नहीं चला। एक घंटे की तलाश के बाद उसका शव घटनास्थल से करीब एक किमी दूर झाडिय़ों में फंसा मिला। सलसलाई पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
जिले के ग्राम खेड़ावद निवासी जसवंतसिंह (35) पिता सवाई सिंह, सियाराम (26) पिता धनसिंह पाटीदार और सतीश (28) पिता ईश्वरलाल पाटीदार मंगलवार रात बाइक से उज्जैन से गांव खेड़ावद लौट रहे थे। रात 10 बजे जब ये लोग सलसलाई थाने के किठोर की पुलिया के पास पहुंचे तो देखा की तेज बहाव के साथ पानी बह रहा है। बहाव ज्यादा होने के बाद भी तीनों ने बाइक निकालने का प्रयास किया। जैसे ही बाइक पुलिया पर कुछ दूर पहुंची बहाव के कारण तीनों युवक बाइक सहित बह गए। हादसे के बाद सियाराम और सतीश तो जैसे-तैसे पानी से बाहर आ गए, लेकिन बाइक और जसवंतसिंह बह गए। काफी देर तक दोनों ने जसवंतसिंह को ढूंढने का प्रयास किया, पता नहीं लगा। ऐसे में मामले की सूचना सलसलाई थाने और आसपास के ग्रामीणों को दी।
मशक्कत के बाद एक किमी दूर मिला शव
मौके पर पहुंची पुलिस और ग्रामीणों ने जसवंतसिंह को तलाशना शुरू किया। एक घंटे की मशक्कत के बाद जसवंतसिंह का शव पुलिया से करीब एक किमी दूर झाडिय़ों में फंसा हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला और पीएम के लिए जिला अस्पताल पहुंचा दिया। यहां पर पीएम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मना करने के बावजूद बहाव में उतार दी बाइक और फिर ये हो गया
Published on:
23 Aug 2018 08:00 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
