
यहां एक दो नहीं बल्कि इतने घरों पर चोरों ने बोला धावा, देखें वीडियो
शामली । शामली के एक गांव में चोरों ने एक नहीं दो नहीं बल्कि दस घरों को खंगाल लिया। चोरों ने सेंध लगाकर बंद पड़े दस मकानों में लाखों रुपए की नगदी सहित लाखों रुपए के जेवरात व कीमती सामान चोरी कर फरार हो गए। जब घर के मालिकों ने अपने घर को देखा तो उनके होश उड़ गए। वहीं एक ही रात में 10 घरों में चोरी की घटना से पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। पीड़ितों ने स्थानीय थाने पर तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
दरअसल शामली की कोतवाली कैराना क्षेत्र के गांव मलकपुर में बीते रविवार रात अज्ञात चोरों ने लगभग दस घरों को निशाना बनाते हुए जमकर कहर बरपाया। चोरों ने मकानों के ताले तोड़कर घर के अंदर रखी नकदी, सोने चांदी के जेवरात, बर्तन व कपडे़ आदि चोरी कर लिये। चोरी किये गए सामान की कीमत दो लाख रूपये से ज्यादा बताई जा रही है। घटना के वक्त पीड़ित परिवार घरों के ताले लगाकर मज़दूरी के लिए भट्टों पर गए हुए थे। ज्यादातर पीड़ित आपस में सगे सम्बन्धी बताये जा रहे हैं।
गांव मलकपुर के दस परिवारों पर मुफलिसी के बाद चोरों ने सितम ढहाया है। पीड़ित ने बताया कि अख्तर के चार पुत्र मुनव्वर, अनवर, सरवर व सबदर के मकान बराबर-बराबर है। अख्तर का मकान भी यही बताया गया है। अख्तर व उसके चारों पुत्र अपने बीवी-बच्चों के साथ गांव अकबरपुर सुन्हैटी स्थित ईंट-भट्टे पर मज़दूरी के लिए गए हुए है। रविवार रात्रि इनके मकानों पर अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया और घरों के ताले तोड़कर वहां रखा हुआ कीमती सामान कपड़े बर्तन आदि चोरी कर ले गए। रविवार सुबह घटना की सूचना मिलने पर अख्तर के पुत्र गांव में पहुंचे और स्थिति से रूबरू हुए।
उन्होंने चोरी हुए अपने सामान की कीमत लगभग डेढ़ लाख रूपये बताई । इसके अलावा चोरों ने गांव के ही शमीम के घर को भी खंगाल डाला। दोनों पिता-पुत्र परिवार सहित बागपत भट्टे पर गए हुए थे। इसके साथ ही बताया कि कुछ दिन बाद शमीम की पुत्री की शादी होनी है। शमीम के चचेरे भाई ने बताया कि शादी के लिए खरीदकर घर में रखा गया सत्तर हजार रूपये का कीमती कपड़ा आदि सामान व दस हजार रूपये की नकदी चोर चुरा ले गए। चोरों ने उत्तराखण्ड के लंढौरा भट्टे पर गए इश्तियाक और उसके पुत्र बिलाल के मकानों के भी ताले तोड़कर घर के अंदर रखा लगभग तीस हजार रूपये की कीमत के सामान पर हाथ साफ कर लिया। दस घरों में हुई चोरी की सूचना रविवार को दिन निकलते ही गांव में जंगल की आग की तरह फ़ैल गई। सूचना पर कोतवाली पर तैनात एसआई उपेन्द्र सिंह व अजय कसाना फ़ोर्स के गांव में पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पीड़ितों ने स्थानीय थाने पर तहरीर ही देकर कार्रवाई की मांग की है,पुलिस चोरों की तलाश कर रही है।
Updated on:
12 Mar 2019, 10:39 AM IST
Published on:
12 Mar 2019, 10:39 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.