
जन आक्रोश यात्रा में कांग्रेस का बड़ा दावा- चुनाव में आने वाली है सुनामी, जाने वजह
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव 2023 का शोरगुल दिन ब दिन तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में मंगलवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर मध्य प्रदेश कांग्रेस ने प्रदेश सरकार के 18 साल के कार्यकाल की खामियां प्रदेश की जनता तक पहुंचाने के लिए जन आक्रोश यात्रा की शुरुआत की है। ये यात्रा प्रदेश में सात अलग-अलग जिलों से शुरु हुई है। रीवा में कांग्रेस नेता अजय सिंह और श्योपुर में नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने यात्रा की शुरूआत की है। श्योपुर में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव शिव भाटिया यात्रा में शामिल हुए। यहां उन्होंने बड़ा दावा करते हुए कहा कि, मध्य प्रदेश चुनाव में सुनामी आने वाली है और बीजेपी में भगदड़ मचने वाली है। हालात ये हैं कि, केंद्रीय नेतृत्व ने सीएम शिवराज को अपना मुख्यमंत्री मानने से भी इंकार कर दिया है।
श्योपुर में जन आक्रोश यात्रा की शुरुआत करने से पहले कांग्रेस के लहार विधायक और नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने सबसे पहले टोड़ी गणेश मंदिर पहुंचकर गणेश जी की आराधना की। इसके बाद शहर में शुरु हुई जन आक्रोश यात्रा के स्वागत में जगह-जगह पटाखे फोड़े गए, साथ ही फूलों की वर्षा भी गई। इस दौरान नई संसद के स्थानांतरण और महिला विधेयक को लेकर सवाल किए जाने पर मध्य प्रदेश के नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि, गणेश जी हमारे साथ हैं। गणेश जी ने हमेशा अन्याय के खिलाफ अपनी ताकत दिखाई है। जो अत्याचारी है, उन्हें नष्ट किया है।
महिला विधेयक कांग्रेस की देन - नेता प्रतिपक्ष
नेता प्रतिपक्ष डॉक्टर गोविंद सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि, जब सिंहस्थ घोटाले में जो घड़ा 50 का आता था, वो 500 रुपए में बेचा गया। नर्मदा परिक्रमा मार्ग में साढे़ 6 करोड़ रुपए के पेड़ खा गए। पटवारी घोटाला, व्यापम घोटाला, गिनती अनगिनत है। इसलिए आज जनमानस बीजेपी के खिलाफ है। महिला विधेयक पर डॉ गोविंद सिंह ने कहा कि, महिला विधेयक कांग्रेस बहुत पहले लाई थी। वो कांग्रेस पार्टी की देन है, अब चुनाव में मोदी जी की सरकार डूबने वाली है, इसलिए नाम में प्रबंध लगाने का काम कर रहे हैं। लेकिन, जनता समझ चुकी है प्रबंध लगाने से काम नहीं चलेगा। मध्यप्रदेश से 1 लाख 48 हजाए महिलाएं गायब हुई हैं। 48 हजार नाबालिग बच्चियां गायब हुई हैं। मध्य प्रदेश में हर एक व्यक्ति पर 47000 करोड़ का कर्ज है।
कांग्रेस नेता बोले-प्रदेश में परिवर्तन की लहर
वहीं, रीवा में कांग्रेस से पूर्व प्रतिपक्ष नेता अजय सिंह, मध्य प्रदेश सह प्रभारी संजय कपूर के नेतृत्व में महामृत्युन्जय मंदिर से जनआक्रोश यात्रा निकाली गई। कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेंद्र शर्मा ने कहा कि, बीजेपी ने पैसे के दम पर ईमानदार कांग्रेस की सरकार गिराई थी। उसके परिणाम ये है कि, अब मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार और जन विरोधी नीतियों के कारण जनता में आक्रोश है। इस बार प्रदेश में परिर्वतन की लहर है।
Published on:
19 Sept 2023 07:53 pm
बड़ी खबरें
View Allश्योपुर
मध्य प्रदेश न्यूज़
ट्रेंडिंग
