7 जून 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बड़ौदा में तेज आंधी की चपेट में आई यात्रियों से भरी बस पलटी, 17 घायल

Bus Overturned : जिले के बड़ौदा में बीती शाम चली तेज आंधी की चपेट में एक यात्रियों से भरी बस आकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 30 यात्री सवार थे, जिनमें से 17 के घायल होने की खबर है। फिलहाल, सभी घायलों को इलाज के लिए बड़ौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।

2 min read
Google source verification
Bus Overturned

बड़ौदा में आंधी की चपेट में आई यात्रियों से भरी बस पलटी (Photo Source- Input)

Storm In Baroda :मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले में स्थित बड़ौदा में बीती देर शाम आए तेज आंधी-तूफान के बीच सड़क पर दौड़ रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस सवार करीब 17 यात्रियों के घायल होने की खबर है। गनीमत रही की हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई। हालांकि, हादसे के चलते घटना स्थल पर चीख - पुकार मच गई। घटना देख आसपास के ग्रामीणों और राहगीरों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालकर उन्हें बड़ौदा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपचार के लिए पहुंचाया।

जानकारी के अनुसार, बड़ौदा से बागल्दा के लिए रवाना हुई यात्री बस अभी बड़ौदा से लगभग 8 किलोमीटर दूर रतोदन के पास ही पहुंची थी कि, अचानक तेज आंधी - तूफान शुरू हो गया। यात्रियों के मुताबिक, तेज हवा चलने से चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका, जिससे बस सड़क किनारे जाकर खेत में पलट गई। हादसे में 17 से अधिक यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें ग्रामीणों और राहगीरों की मदद से तत्काल बड़ौदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। फिलहाल, रविवार सुबह भी सभी घायलों का इलाज अस्पताल में जारी है।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

बताया जा रहा है कि, हादसे के वक्त यात्री बस में करीब 30 लोग सवार थे। घटना के बाद मौके पर चीख - पुकार मच गई। सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला भी मौके पर पहुंच गया। इस दौरान राजस्व निरीक्षक दिव्यराज धाकड़ भी मौके पर पहुंच गए थे, जिन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि, हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। सूचना मिलने पर बड़ौदा थाना पुलिस भी मौके पर पहुंची गई, जिसने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।

हादसे में यह हुए घायल

बड़ौदा-रतोदन मार्ग पर हुए हादसे में गिर्राज पुत्र गजानंद वैष्णव 30 सुबकरा, अभिषेक पुत्र मुकेश 20 पांडोला, जुगराज पुत्र रामनाथ 20 हीरापुर, रामसिया पत्नी पप्पू आदिवासी 45 आवदा, रवीना पुत्री महावीर 10 आवदा, मीना पत्नी महावीर 35 आवदा, महावीर पुत्र भगत सिंह 35 आवदा, रेशमा पुत्री दादू आदिवासी 10 मसावनी, राजंती पत्नी रामवीर 35 मसावनी, मालती पत्नी नाथूलाल 40 रतोदन, सुनीता पत्नी ओमप्रकाश 40 भूरवाड़ा, भारती पुत्र कोमल आदिवासी 15 इंद्रपुरा, लालवीर पुत्र शंभू 20 सुबकरा, मौसम पुत्र ओमप्रकाश 15 भरवाड़ा, कोमल पत्नी केशव 35 सुबकरा सहित अन्य लोग घायल हुए है।

सभी घायलों का उपचार जारी

इधर मामले की जानकारी देते हुए बड़ौदा के राजस्व निरीक्षक दिव्यराज धाकड़ ने बताया कि, आंधी के कारण अचानक बस पलटने की जानकारी मिली थी, बस में सवार करीब 16 से अधिक लोगों को चोट आई हैं। फिलहाल, सभी सुरक्षित है और सभी का उपचार किया जा रहा है।