सीकर आंगनबाड़ी केंद्रों पर लंबे समय से कार्य करने वाली महिला कार्मिकों ने सरकार से मांग की है कि उन्हे राज्य कर्मचारी का दर्जा दिया जाए। मुख्यमंत्री के नाम कलक्टर को सौंपे गए ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि वे सालों से केंद्रों पर लगी हुई हैं। लेकिन, नियमित नहीं करने के कारण उनका भविष्य अधर में है। जबकि विधानसभा चुनाव में सुराज संकल्प भाजपा विकल्प यात्रा के दौरान उन्हे भरोसा दिलाया गया था कि कार्मिकों को नियमित कर बेहतर मानदेय भी दिया जाएगा। लेकिन, उसके बाद अभी तक महिला कार्मिकों की सुध नहीं ली गई है। अखिल राजस्थान महिला एवं बाल विकास संयुक्त कर्मचारी संघ एकीकृत की अध्यक्ष चंद्रावती दुल्लड़ ने बताया कि ज्ञापन देकर 15 हजार रुपए मासिक मानदेय देने, महिला पर्यवेक्षक के रिक्त पद भरने व एएनएम भर्ती में 20 फीसदी पद आरक्षित करने और साथिनों से प्रचेता पद भरने की मांग की गई है। ज्ञापन के दौरान रेण शर्मा, उषा धीरवानी, सज्जन कंवर आदि मौजूद रही।