
City Bus Accident in Sikar
सीकर.
बहुत कम ऐसे मौके होते जब कोई एक्सीडेंट सीसीटीवी कैमरे में कैद हो जाता है। राजस्थान के सीकर जिला मुख्यालय पर मंगलवार ऐसी घटना हुई। एक सिटी बस सड़क पर पलट गई। पूरा घटनाक्रम एक दुकान के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गए। हुआ यूं कि मंगलवार सुबह करीब दस बजे नवलगढ़ बस स्टैण्ड की तरफ से एक सिटी बस आ रही थी। इसी दौरान पार्किंग में खड़ी कार भी चल पड़ी। कार सड़क के बीचोंबीच आ गई।
उधर, सामने से आ रही सिटी बस चालक ने तत्परता दिखाते हुए कार व बस की आमने-सामने की भिड़ंत रोकने की पूरी कोशिश की और बस को कार के टक्कर मारे बगैर मोड़ लिया। अचानक बस मोडऩे से उसका संतुलन बिगड़ गया और वह उसी जगह पर जाकर पलट गई जहां वो कार पार्क थी।
बस में अनेक यात्री सवार थे। अचानक हुए इस हादसे में वे सहम गए और बस में फंस गए। बस के पलटी खाते ही कार चालक तो बिना रुके ही वहां से भाग गया, मगर आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और बस में फंसे लोगों के शीशे तोड़कर बाहर निकाला। छह यात्रियों को चोटें आई। उन्हें लोगों ने सीकर के कल्याण अस्पताल (एसके) में पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई।
कुछ देर लगा जाम
सड़क पर बस पलटने के बाद काफी संख्या लोग वहां जमा हो गए। इससे कुछ देर तक सड़क पर जाम लग गया। सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस का उठवाया और जाम खुलवाया।
नशे में दौड़ाई कार, तीन वाहनों के मारी टक्कर
सीकर. शहर के कल्याण सर्किल के पास सोमवार रात दो युवकों ने नशे में कार को तेज गति से दौड़ा कर वहां खड़े तीन वाहनों को टक्कर मार दी। इससे कार सहित बाकी के वाहन भी श्रतिग्रस्त हो गए। प्रत्यक्ष दर्शियों के अनुसार दोनों युवक शराब के नशे में थे और अचानक कार को तेज चलाकर बाकी वाहनों में भिड़ा दिया। इससे मौके पर खड़े लोग दहशत में आ गए और एक महिला के भी चोट लग गई। जिसको उपचार के लिए एसके अस्पताल ले जाया गया। इधर, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर दोनों युवकों को पकड़कर थाने ले गई।
Published on:
15 May 2018, 8:07 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.