
सीकर। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के वेल मार्कड प्रेशर एरिया में बदलने से राजस्थान के कई जिलों में झमाझम बारिश का दौर जारी है। इस बीच जयपुर मौसम केंद्र ने आगामी तीन घंटों के भीतर अजमेर, दौसा, अलवर, भरतपुर, धौलपुर, करौली, टोंक, सीकर, नागौर, झुंझुनूं, बूंदी, झालावाड़, जयपुर, भीलवाड़ा, चित्तौड़गढ़, सिरोही, उदयपुर, डुंगरपुर, बांसवाड़ा, प्रतापगढ़, राजसमंद, बीकानेर, जोधपुर और पाली जिलों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है।
उधर, सीकर में शुक्रवार को मेघ गर्जना के साथ बारिश होने के कारण शहर में नवलगढ़ रोड, लुहारू स्टैंड सहित कई निचले इलाकों में पानी भर गया। नमी बढ़ने से न्यूनतम और अधिकतम तापमान में गिरावट आई। प्रदेश में 48 घंटों के दौरान कई जगह मध्यम व भारी बारिश हो सकती है। बीती रात बारिश के बाद न्यूनतम तापमान में करीब साढ़े तीन डिग्री की गिरावट आई। सीकर में शुक्रवार को दिनभर बादलों की आवाजाही रही। शाम को मौसम पलटा और गर्जना के साथ बारिश हुई। करीब तीस मिनट तक रुक-रुक कर चली बारिश के बाद मौसम सुहाना हो गया। फतेहपुर में अधिकतम तापमान डिग्री 36 व न्यूनतम तापमान 23.8 डिग्री और सीकर में अधिकतम तापमान 37.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 23 डिग्री दर्ज किया गया।
यह भी पढ़ें- Mahi Dam: झमाझम बारिश से छलक उठा माही डेम, हर सेकेंड निकल रहा है 2 लाख क्यूसेक की रफ्तार से पानी
मौसम विभाग के अनुसार 48 घंटे के दौरान राजस्थान में कहीं-कहीं हल्की व भारी बारिश होगी। विभाग ने पूर्वी राजस्थान के में भारी बारिश का ओरेंज अलर्ट और पश्चिमी राजस्थान में मध्यम दर्जे की बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। जिले में इस खरीफ की फसलों की कटाई चल रही है। दो दिन से बारिश से खेत खलिहान में कटी हुई फसलों के भीगने से नुकसान का खतरा बढ़ गया है। वहीं देर रात किसान अपनी उपज को ढकने की जुगत में रहे। कृषि उपज मंडी में रखी फसलों के भीगने से कई किसानों को नुकसान हो गया। किसान प्रधानमंत्री फ़सल बीमा योजना के तहत फसल कटाई के बाद 14 दिनों तक खेत में सूखाने के लिए रखी गयी कटी हुई अधिसूचित फसल में प्राकृतिक आपदा होने की स्थिति में नुकसान का आंकलन किसान के स्तर पर किए जाने का प्रावधान है।
Published on:
16 Sep 2023, 1:23 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.