जोधपुर। लम्बे अरसे बाद शहर में शुक्रवार रात को मूसलाधार बारिश हुई। आधे घंटे तक एकरस पानी बरसने से पनाळे चल पड़ी। बारिश की तीव्रता अधिक होने से सड़कों पर आधे फीट तक पानी की चादर चलने लग गई। निचले कई इलाकों में पानी भर गया। देर रात तक रुक रुक कर बारिश का सिलसिला चलता रहा। मौसम विभाग के अनुसार बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बहुत अधिक विकसित होने की वजह से मानसून सक्रिय हो गया है। अगले तीन चार दिन तक बरसात का मौसम बना हुआ है। प्रदेश के दक्षिणी और दक्षिणी पूर्वी हिस्से में कुछ जगह पर भारी बारिश की चेतावनी भी जारी की गई है। वहीं मौसम विभाग केंद्र जयपुर का कहना है कि डॉप्लर राडार के अनुसार कोटा, जयपुर, भरतपुर, उदयपुर संभाग के कुछ भागों में मानसून हुआ सक्रिय। अच्छी तरह से चिह्नित कम दबाव के प्रभाव से आगामी दो-तीन दिन राज्य के अधिकांश भागों में मानसून रहेगा सक्रिय।