
बांसवाड़ा। जिले में बारिश का दौर बना हुआ है। शुक्रवार शाम से आरंभ तेज बारिश का दौर शनिवार को भी बना हुआ है। भारी मात्रा में पानी की आवक के बाद बांध के दस गेट खोल दिए गए हैं। बांसवाड़ा में शुक्रवार शाम से शुरू हुआ तेज बारिश का दौर शनिवार दोपहर तक बना हुआ है। शहर में कागदी पिकअप वीयर के सभी 5 गेट खोल दिए हैं। माही बांध के जलग्रहण क्षेत्रों में पानी की भारी आवक के बाद शनिवार को सुबह साढ़े 11 बजे बांध के दस गेट खोल दिए गए। बांध की कुल भराव क्षमता 281.50 मीटर है। बांध में मध्य प्रदेश के जलग्रहण क्षेत्र से पानी की भारी मात्रा में आवक हुई है। सुबह 11 बजे तक 2 लाख क्यूसेक प्रति सेकंड की रफ्तार से पानी की आवक हो रही है। दस गेट खोलकर 50 हजार क्यूसेस से अधिक मात्रा में पानी की निकासी की जा रही है। माही बांध खंड के अधिशासी अभियंता प्रकाशचंद्र रेगर ने बताया कि बांध की डाउन स्ट्रीम में आने वाले क्षेत्रों में मुनादी करा दी गई।
यह भी पढ़ें- IMD Monsoon Update: डॉप्लर राडार से मानसून को लेकर मिली ऐसी चेतावनी, यहां होगी झमाझम बारिश
इससे पहले जिले में शुक्रवार को सुबह बूंदाबांदी के बाद दिन में छितराए हुए बादल छाए रहे। वातावरण में गर्मी और उमस बनी रही। शाम होते-होते आसमान में घने बादल छा गए। करीब सवा छह बजे आसमान में बिजलियां कड़कने लगीं। मेघगर्जन के साथ तेज बारिश शुरू हो गई, जो करीब पौन घंटे तक बनी रही। कुछ देर थमने के बाद फिर बारिश का दौर शुरू हो गया। मूसलाधार बारिश से शहर के कंधारवाड़ी, डेगलीमाता चौक, पुरानी सब्जी मंडी, धोबीवाड़ा, पाला रोड, क्रॉकरी मार्केट आदि के निचले हिस्सों में सड़कों पर करीब एक फीट तक पानी बहने लगा। पुरानी सब्जी मंडी क्षेत्र में दुकानों तक पानी पहुंच गया। एकाएक हुई मूसलाधार से बाजार में राहगीर भीग गए। कई लोगों ने दुकानों व मकानों के छज्जों की ओट लेकर भीगने से बचाया। वहीं शहर के भीतरी हिस्से के कई मोहल्लों में बिजली गुल हो गई।
यहां इतनी हुई बारिश
कलक्ट्री नियंत्रण कक्ष के अनुसार शुक्रवार सुबह आठ बजे समाप्त बीते 24 घंटों में बांसवाड़ा व बागीदौरा में 25-25, अरथूना में 23, सज्जनगढ़ में 17, शेरगढ़ में 16, भूंगड़ा में 14, जगपुरा में 13, सल्लोपाट में 10, गढ़ी में नौ, केसरपुरा में पांच, घाटोल में चार, लोहारिया में तीन, दानपुर और कुशलगढ़ में दो-दो मिमी बारिश रिकार्ड की गई। वहीं सुबह आठ से शाम पांच बजे तक भूंगड़ा में 18, अरथूना में 17, गढ़ी में 15, बागीदौरा में छह, शेरगढ़ व घाटोल में तीन-तीन, सल्लोपाट व सज्जनगढ़ में दो मिमी बारिश हुई।
Updated on:
16 Sep 2023, 12:37 PM IST
Published on:
16 Sep 2023, 12:34 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.