
Monsoon Update : राजस्थान में भारी बारिश का दौर पूरे सप्ताह जारी रहेगा और ऐसे में मौसम विभाग ने कई जिलों में अलर्ट जारी कर रखा है। बड़ी बात यह है कि भारी से अति भारी बारिश की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने भी एडवाइजरी जारी की है। प्रदेश में बुधवार को पूर्वी राजस्थान के सात जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। जबकि पश्चिमी राजस्थान के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।
क्या कहती है मानसूनकी अक्षीय रेखा
स्काईमेट वेदर की माने तो मानसून की अक्षीय रेखा बीकानेर, कोटा, मध्य प्रदेश के ऊपर बने हुए निम्न दबाव के क्षेत्र, झारसुगुडा, पुरी और फिर पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी की ओर से गुजर रही है। उधर, मौसम विभाग का मानना है कि राजस्थान सहित देश के कई राज्यों में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। राजस्थान में कोटा और उदयपुर संभाग के कुछ इलाकों में भारी बारिश आ सकती है।
इन जिलों के लिए अलर्ट
मौसम केन्द्र जयपुर की माने तो 6 जुलाई को कोटा, झालावाड़, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, डूंगरपुर, बांसवाड़ा और प्रतापगढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश की संभावना है। उधर, मौसम विभाग के तात्कालीन पूर्वानुमान पर नजर डालें तो नागौर, जोधपुर, बाड़मेर, जैसलमेर और आसपास के इलाकों के लिए अगले कुछ घंटों के दौरान हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
भारी बारिश का प्रभाव
मौसम विभाग की माने तो राजस्थान में भारी बारिश से कई तरह की परेशानी खड़ी हो सकती है। निचले इलाकों व अंडरपास में जलभराव हो सकता है। लगातार भारी बारिश के कच्चे मकानों को भारी नुकसान की संभावना है। भारी बारिश के दौरान दृश्यता में कमी होगी, जिसके चलते दुर्घटनाओं का अंदेशा बना रह सकता है। लगातार बारिश के चलते बागवानी और खड़ी फसलों को नुकसान हो सकता है।
देश के अन्य राज्यों का हाल
स्काईमेट के अनुसार अगले 24 घंटों के दौरान, देश के पश्चिमी तट पर मध्यम से तेज पछुआ हवाएं जारी रहेंगी, जिससे तेज बारिश होगी। पश्चिम मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण और गोवा, तटीय कर्नाटक और केरल के कुछ हिस्सों में सक्रिय रहने की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश संभव है। वहीं, दक्षिण छत्तीसगढ़, तेलंगाना के कुछ हिस्सों, विदर्भ, मराठवाड़ा, उत्तरी मध्य महाराष्ट्र, दक्षिण राजस्थान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह समूह में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है । ओडिशा में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक या दो स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। इसके अलावा पूर्वोत्तर भारत, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, आंतरिक ओडिशा, छत्तीसगढ़ के शेष हिस्सों, पूर्वी मध्य प्रदेश, दक्षिण झारखंड, तेलंगाना के शेष हिस्सों, लक्षद्वीप, उत्तराखंड, जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश संभव है।आंतरिक कर्नाटक, तमिलनाडु, उत्तर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों, पंजाब और हरियाणा में हल्की बारिश संभव है। मुम्बई की बात करें तो अगले 3 से 4 दिनों के दौरान मुंबई और उपनगरों में बाढ़ की बारिश हो सकती है।
Updated on:
6 Jul 2022, 8:26 AM IST
Published on:
6 Jul 2022, 8:20 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.