
Murder accused arrested by reengus police
रींगस. सीकर जिले के रींगस कस्बे से रीको क्षेत्र की तरफ जाने वाले रास्ते में दस महीने पहले हुई युवक की हत्या के मामले में बड़ा खुलासा हुआ है। रींगस पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी वारदात के बाद से ही फरार था और उसका एक साथी अभी भी फरार है।
आरोपी ने पुलिस पूछताछ में कबूला है कि उसने किसी महिला मित्र से मिलवाने से मना करने पर युवक की हत्या की थी। थानाधिकारी शीशराम ओला ने बताया कि 17 नवम्बर 2017 की रात को कस्बे के वार्ड 20 निवासी अशोक कुमार वर्मा की सिर पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई थी।
वारदात में बगड़ी नांगल निवासी पप्पूराम पुत्र मोतीराम बाजिया व उसके चाचा के लडक़े रामावतार के शामिल होने का पता चला था। आरोपी वारदात के बाद घर से फरार हो गये थे। शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि वे अपने घर आए हैं। इस पर पुलिस ने पप्पूराम को गिरफ्तार कर लिया लेकिन उसका साथी भाग निकला।
पुलिस पूछताछ में पप्पूराम ने बताया कि हत्या वाले दिन मृतक अशोक, पप्पूराम व रामावतार एक अन्य युवक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान रामावतार ने अशोक से अपनी गर्लफ्रेंड से अकेले में मिलवाने के लिए कहा था। इसी बात पर झगड़ा हो गया और पत्थर से वार कर अशोक की हत्या कर दी।
वारदात कर जालौर गए
वारदात के बाद दोनों आरोपी जालौर चले गए। जालौर में दोनों पत्थर की फैक्ट्री में काम करते थे। पुलिस को जरिए मुखबीर सूचना मिली की पप्पूराम घर आया हुआ है। पुलिसकर्मीं मालीराम, सत्यनारायण व घूड़ाराम की टीम आरोपी के घर दबिश देने पहुंची तो वह बाजरे के खेतों में भाग गया। पुलिस ने काफी दूर तक उसका पीछा करके उसे दबोच लिया।
Published on:
25 Aug 2018 12:59 pm
