समझौते के बाद धरना समाप्त
सादुलपुर. आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका आशा सहयोगिनी व साथिन कर्मचारी यूनियन कार्यकर्ताओं की ओर से शुरू किया गया धरना बुधवार को तीसरे दिन समझौते के बाद समाप्त कर दिया गया। अध्यक्ष सविता धोलिया ने बताया कि गांव मिठड़ी बलवंत सिंह में नियुक्त दलित महिला आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को हटाने के विरोध व अन्य मांगों को लेकर सीडीपीओ की तरफ से लिखित समझौता किए जाने पर धरना समाप्त किया गया है। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को सीएम के नाम ज्ञापन सौंपकर आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की सेवा को समाप्त किए जाने पर रोष जताया गया। पीडि़ता आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को एक माह का वेतन देने की मांग की गई। इसके अलावा आईसीडीएस विभाग में रिक्त पद भरने, प्रतिनियुक्ति पर लगाए गए अधिकारियों-कर्मचारियों को हटाने सहित अन्य मांगों का उल्लेख किया गया। संतोष कंवर, छन्नो, कविता, चंद्रकला, राजवंती, रोशनी, चांदकौर, उर्मिला, मुनेश आदि ने समझौते को एकता की जीत बताते हुए खुशी जताई।