
कोरोना की वजह से राजस्थान में यहां आज बाजार पूरी तरह बंद, पसरा सन्नाटा
(sikar market is closed due to corona cases) सीकर. राजस्थान के सीकर जिले में लगातार पांव पसार रहे कोरेाना को काबू में करने के लिए शहर का बाजार पूरी तरह बंद है। गली- मोहल्लों की दुकानें भी नहीं के बराबर खुली है। चुनिंदा लोगों ने अपनी दुकानें खोली भी, तो व्यापार संगठनों के पदाधिकारियों ने समझाइश कर उन्हें भी बंद करवा दिया। जिसके बाद से पूरे शहर में सन्नाटा पसरा हुआ है। फिर बात चाहे जाट बाजार, स्टेशन रोड, सिल्वर जुबली रोड व बजाज रोड की करें या सालासर रोड और सुभाष चौक की। हर ओर दुकानों के शटर बंद है। मेडीकल स्टोर सहित आपातकालीन सुविधाओं के अलावा हर तरह का व्यापार शहर में बंद पड़ा है।
बैठक में लिया था फैसला
गौरतलब है कि सीकर शहर में कोरोना संक्रमण के लगातार बढ़ रहे केस को देखते हुए व्यापार संघ ने नगर परिषद प्रशासन के सामने बाजार खुलने की समय सीमा तय किए जाने और रविवार को पूरी तरह बंद किए जाने की पेशकश की थी। ताकि संक्रमण का खतरे को कुछ हद तक कम किया जा सके। इस पर नगर परिषद सभापति जीवण खां की अगुआई में व्यापार संघों के पदाधिकारियों की शनिवार को नगर परिषद परिसर में बैठक आयोजित की गई। जिसमें सर्व सम्मति से यह फैसला हुआ कि शहर के बाजार सोमवार से शनिवार तक सुबह 9 से शाम 6 बजे तक खुलेंगे। जबकि आपातकालीन सेवाओं को छोड़कर रविवार को बाजार पूरी तरह बंद रखे जाएंगे।
तीन दिन में आए 75 कोरोना मरीज
गौरतलब है कि सीकर जिले में कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले तीन दिन में ही कोरोना के 74 मरीज सामने आ चुके हैं। जिनमें ज्यादातर मरीज सीकर शहर के हैं। जिसे देखते हुए ही व्यापार मंडल ने नगर परिषद के सभापति जीवण खंा की अगुआई में बैठक कर शनिवार को यह फैसला लिया।
Updated on:
26 Jul 2020, 2:00 PM IST
Published on:
26 Jul 2020, 1:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.