
सीकर में युवक ने की आत्महत्या (पत्रिका सांकेतिक तस्वीर)
Sikar Crime News: सीकर के जीणमाता थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां शादी के महज चार महीने बाद एक 27 वर्षीय युवक ने जहर खाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली।
बता दें कि हर्ष पहाड़ी पर मिले शव के बाद परिजनों ने मृतक की पत्नी और उसके जीजा पर गंभीर आरोप लगाते हुए आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज कराया है।
मृतक युवक सीकर के दादिया थाना इलाके का निवासी था। जानकारी के अनुसार, वह 16 मार्च को घर से यह कहकर निकला था कि वह अस्पताल जा रहा है। लेकिन जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। भाई की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर तलाश शुरू की थी।
बुधवार शाम को हर्ष पहाड़ी पर बने वॉच टावर के पास युवक की बाइक लावारिस हालत में मिली। पुलिस और परिजनों ने जब आसपास तलाशी ली, तो बाइक से करीब 200 मीटर की दूरी पर युवक का शव बरामद हुआ। शव के पास ही जहर की एक शीशी भी मिली, जिससे प्राथमिक तौर पर इसे खुदकुशी माना जा रहा है।
गुरुवार को एसके अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों ने जीणमाता थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई। मृतक के भाई ने सनसनीखेज आरोप लगाते हुए बताया कि उसकी भाभी (मृतक की पत्नी) का अपने ही जीजा के साथ अवैध संबंध था।
रिपोर्ट के अनुसार, मृतक अपनी पत्नी के इन संबंधों को लेकर मानसिक तौर पर काफी परेशान था। पत्नी, उसका जीजा और एक अन्य युवक मिलकर उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। परिजनों का कहना है कि आरोपी उसे झूठे कानूनी केस में फंसाने की धमकियां दे रहे थे, जिससे डरकर और आहत होकर उसने खौफनाक कदम उठाया।
जीणमाता थाना SHO राकेश कुमार मीणा ने बताया कि मृतक की शादी 4 महीने पहले ही हुई थी। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर पत्नी, उसके जीजा और एक अन्य साथी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब कॉल डिटेल्स और अन्य सबूतों के आधार पर प्रेम प्रसंग और धमकियों के एंगल से जांच को आगे बढ़ा रही है।
Updated on:
20 Mar 2026 10:47 am
Published on:
20 Mar 2026 10:47 am
बड़ी खबरें
View Allसीकर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
