10 जून 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

NEET Paper Leak : राजस्थान के जिस स्टूडेंट ने किया सुसाइड, उसके परिवार से राहुल गांधी ने की बात, बंधाया ढांढस

एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने राहुल गांधी की प्रदीप के परिजनों से बात करवाई। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रदीप के परिजनों से ढांढस बंधाया। साथ ही कहा कि देशभर में पेपर लीक के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे।

2 min read
Google source verification

सीकर

image

Anil Prajapat

May 23, 2026

Pradeep Meghwal family Rahul Gandhi

छात्र प्रदीप के परिजनों से राहुल गांधी ने की फोन पर बात। फोटो: पत्रिका

सीकर में NEET परीक्षा रद्द होने के विरोध के बीच छात्र प्रदीप मेघवाल की आत्महत्या के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई। एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने राहुल गांधी की प्रदीप के परिजनों से बात करवाई। इस दौरान राहुल गांधी ने प्रदीप के परिजनों से ढांढस बंधाया। साथ ही कहा कि देशभर में पेपर लीक के खिलाफ मजबूती से लड़ाई लड़ेंगे। बता दें कि नीट परीक्षा रद्द होने की वजह से अवसाद के चलते झुंझुनूं के छात्र प्रदीप ने 15 मई की दोपहर सीकर के पिपराली रोड स्थित जलधारी नगर में बहन की चुन्नी से फंदा बनाकर लोहे की एंगल पर लटककर आत्महत्या की थी।

नीट परीक्षा रद्द होने के विरोध में प्रदर्शन के बाद एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ रात करीब 10 बजे सीकर से 60किमी दूर गुड़ा पोंख के कनिका ढाणी पहुंचे। जहां पर प्रदीप के परिजनों से मुलाकात की। इस दौरान विनोद जाखड़ ने राहुल गांधी से प्रदीप मेघवाल के परिजनों की बात करवाई। राहुल गांधी ने करीब पौने चार मिनट तक प्रदीप के परिजनों से बात की और मृतक के परिजनों को ढांढस बंधाया।

प्रदीप के परिजनों ने पेपर माफियाओं पर सख्त कार्रवाई के साथ पेपरलीक ना हो इसके लिए सख्त कानून की मांग रखी। जिस पर राहुल गांधी ने आश्वासन दिया कि वो इस दुख की घड़ी में उनके साथ हैं। परिजन का कहना है कि प्रदीप तीन साल से सीकर में रहकर नीट की तैयारी कर रहा था और इसी साल पेपर अच्छा हुआ था। नीट रद्द होने के बाद से पिछले चार दिन से वह गहरे अवसाद में था। प्रदीप माहिच तीन बहनों का इकलौता भाई था।

एनएसयूआइ ने निकाला शांति विरोध मार्च

इससे पहले नीट पेपर लीक घोटाले, शिक्षा व्यवस्था में बढ़ते भ्रष्टाचार, नीट रद्द होने पर छात्र प्रदीप मेघवाल के आत्महत्या करने सहित छात्रों के भविष्य के साथ हो रहे लगातार खिलवाड़ के विरोध में एनएसयूआई ने शांति विरोध मार्च निकाला। एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ के नेतृत्व में निकाला गाया शांति मार्च महात्मा ज्योतिबा फूले सर्किल से लेकर सीएलसी चौक तक रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। नीट पेपर रद्द से आहत होकर सुसाइड करने वाले छात्र को सीएलसी चौक पर कैंडल जलाकर श्रद्धांजलि दी गई। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने एकजुट होकर शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता, पेपर लीक मामलों की निष्पक्ष जांच एवं दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग उठाई। मार्च के दौरान छात्रों ने एनटीए बैन करो”, “पेपर लीक बंद करो” और “ धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर नारेबाजी की।

विनोद जाखड़ बोले- सिस्टम से पीड़ित होकर सुसाइड कर रहे छात्र

एनएसयूआइ के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक और शिक्षा प्रणाली में बढ़ते भ्रष्टाचार ने देश के करोड़ों छात्रों के भविष्य को अंधकार में धकेल दिया है। छात्र सिस्टम से पीड़ित होकर हर रोज सुसाइड कर रहे हैं। यह विरोध मार्च उन लाखों छात्रों की आवाज़ है, जिनका भविष्य सरकार की लापरवाही, पेपर लीक और छात्रों पर थोपी जा रही गलत नीतियों के कारण प्रभावित हो रहा है।

एनएसयूआइ जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश नागा ने कहा कि देश के युवाओं और छात्रों के भविष्य को लगातार कमजोर करने का काम किया जा रहा है, जिसे एनएसयूआई किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि छात्र हितों की रक्षा के लिए यह संघर्ष आगे भी जारी रहेगा तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में एनएसयूआइ के महेश चौधरी, उत्तम चौधरी सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी एवं छात्र नेता मौजूद रहे।