
15 बच्चों समेत 23 लोग अस्पताल में भर्ती (फोटो- पत्रिका)
Sikar News: सीकर शहर के शांतिनगर कॉलोनी में शनिवार शाम जहरीले धुएं से अफरा-तफरी और दहशत का माहौल हो गया। यहां शाम करीब छह बजे पूरी कॉलोनी में अचानक धुआं छा गया, जिसका असर करीब एक किलोमीटर के क्षेत्र में रात 9.30 बजे तक रहा।
बता दें कि इससे हॉस्टल के बच्चों और कॉलोनी के लोगों को तेज खांसी, सांस फूलना और सीने में दर्द की शिकायत होने लगी। तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर बच्चों और अन्य प्रभावितों को अस्पताल में भर्ती कराया गया। सांस लेने में ज्यादा तकलीफ के कारण कॉलोनी की बुजुर्ग महिला नसीमा (65) पत्नी मोहम्मद सलीम की मौत हो गई।
वहीं, एसके अस्पताल में देर रात तक 15 बच्चों सहित 23 लोगों को भर्ती किया गया है। इस कॉलोनी में साड़ियों और कपड़ों को जलाकर उनमें से धातु निकालने की फैक्ट्री है। जहां शनिवार को ही नया प्लांट स्थापित किया गया था और यहीं से जहरीली गैस के रिसाव की आशंका है।
सूचना पर कलक्टर मुकुल शर्मा, एसपी प्रवीण नायक नूनावत सहित कई अधिकारी घटना स्थल पर पहुंचे। राजस्थान स्टेट पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड सीकर की रीजनल ऑफिसर सविता ने बताया कि फैक्ट्री को सीज किया जाएगा। प्राथमिक जांच में एक फैक्ट्री से केमिकल रिसाव की बात सामने आई है। फिलहाल, जांच जारी है।
कॉलोनी निवासी स्वीटी ने बताया कि धुआं पूरी तरह गंधहीन था। शाम करीब सात बजे अचानक यह धुआं चारों ओर फैल गया। इससे खांसी आने के साथ सांसें फूलने और सिर में दर्द होने लगा। कॉलोनी के लोग मास्क लगाकर घरों से बाहर जाने लगे।
अभी धुआं फैलने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं लगा है। महिला की मौत के मामले में जांच कराई जा रही है कि सामान्य मौत है या इसी वजह से मौत हुई। जांच के बाद ही मौत के कारणों के बारे में पता लग सकेगा।
-रतन कुमार, अपर जिला कलक्टर, सीकर
Updated on:
23 Nov 2025 07:30 am
Published on:
23 Nov 2025 07:30 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
