
सिरोही/शिवगंज. सिरोही तहसील के अंतिम छोर पर बसे बोकी भागली गांव में आजादी के 75 साल बाद बिजली की रोशनी पहुंची। इसको लेकर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के सलाहकार विधायक संयम लोढ़ा ने कहा कि आदिवासी समाज इस देश की रीढ़ है, इस देश का स्तंभ है। आज हमारे यहां पहाड़, नदियां, तालाब, वन सुरक्षित है तो इसके पीछे आदिवासी समाज का बड़ा योगदान है। उन्होंने जंगलों में रहकर प्रकृति का संरक्षण किया है। विधायक लोढा बुधवार देर शाम सिरोही तहसील के अंतिम छोर पर बसे बोकी भागली गांव में आजादी के 75 साल बाद बिजली पहुंचने के अवसर पर आयोजित समारोह को संबोधित कर रहे थे।
कार्यक्रम में जिला कलक्टर डॉ भंवरलाल एवं पुलिस अधीक्षक ज्येष्ठा मैत्रेयी ने भी शिरकत की तथा ग्रामीणों की समस्याओं को सुन उनके निराकरण का भरोसा दिलाया। यह पहला मौका था जब भाखर क्षेत्र के इस छोटे से गांव बोकी भागली में जिले के दो सबसे बड़े अधिकारी पहुंचे थे। इस दोहरी खुशी पर ग्रामीणों में खुशी थी। बिजली की रोशनी होते ही ग्रामीणों ने ढोल की थाप पर पारंपरिक नृत्य कर अपनी खुशी का इजहार किया।
अपणायत के साथ अतिथियों का स्वागत
गांव में बिजली आने पर इसके लिए अथक प्रयास करने के लिए ग्रामीणों ने विधायक संयम लोढ़ा, जिला कलक्टर एवं पुलिस अधीक्षक का सौमैया कर स्वागत किया।
वादा पूरा नहीं होता तो कभी अपने आप को माफ नहीं कर पाता
समारोह में विधायक लोढ़ा ने कहा कि वर्ष 2018 में ग्रामीणों को भरोसा दिलाया था कि चुनाव जीतने पर गांव तक बिजली पहुंचाएंगे। यह कार्य पहले जितना आसान दिख रहा था उतना आसान नहीं था। जंगलात के क्षेत्र में होने की वजह से बिजली के खंभे खड़े करने की अनुमति लाने के लिए चार साल तक इंतजार करना पड़ा। काफी प्रयासों के बाद आखिरकार वन विभाग से अनुमति मिली और यह कार्य संभव हो सका। विधायक ने कहा कि अगर आप लोगों से किया गया यह वादा पूरा नहीं कर पाता तो खुद को वे कभी माफ नहीं कर पाते।
मोबाइल टावर लगवाने का भरोसा
जिला कलक्टर ने ग्रामीणों को गांव में बिजली आने की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ग्रामीणों की मांग पर गांव में बीएसएनएल का मोबाइल टावर लगवाने का भरोसा दिलाया।
इनकी रही मौजूदगी
कार्यक्रम में उपखंड अधिकारी डॉ नरेश सोनी, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष रताराम देवासी, पन्नाराम हीरागर, कलदरी सरपंच कमुरी देवी, गोयली सरपंच राजकुंवर, थावराराम, रावताराम, मोहनलाल, कसाराम, अर्जुनराम, कानाराम बिजोली, मोहनलाल, नेतीराम, पुनाराम, शंकरलाल खेताजी, जगाराम, भीमाराम सहित बिजली विभाग के अधीक्षण अभियंता, सहायक अभियंता, कनिष्ट अभियंता आदि उपस्थित थे।
Published on:
23 Jun 2023 11:08 am
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
