5 फ़रवरी 2026,

गुरुवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

Infrastructure News: बनास और सुकड़ी नदी के संगम पर बनेगा रोड पुल, राजस्थान सरकार ने दी 7.70 करोड़ रुपए की मंजूरी, आधी रह जाएगी दूरी

Sirohi News: राजस्थान के सिरोही जिले में किवरली-पांडूरी गांव के बीच बनास और सुकड़ी नदी के संगम पर रोड पुल बनाया जाएगा।

2 min read
Google source verification

आबूरोड. किवरली के पास सुकड़ी नदी जहां नया पुल बनेगा. Photo- Patrika

Sirohi News: आबूरोड। ब्लॉक के किवरली-पांडूरी गांव के बीच बनास और सुकड़ी नदी के संगम पर रोड पुल बनाया जाएगा। राज्य सरकार ने पुल निर्माण के लिए 7.70 करोड़ रुपए की प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति जारी की है।

कार्यकारी एजेंसी सार्वजनिक निर्माण विभाग ने पुल बनाने के लिए ठेकेदार फर्म को कार्यादेश जारी कर दिए हैं। इस सप्ताह पुल के शिलान्यास की उम्मीद है।

इसको लेकर तीन-चार दिन पूर्व पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने किवरली पंचायत के ग्राम विकास अधिकारी के साथ कार्यस्थल का निरीक्षण किया था।

रह जाएगी आधी दूरी, राह होगी आसान

पुल बनने से कई गांवों के लोगोंं व विद्यार्थियों को आवागमन की बेहतरीन सुविधा उपलब्ध होगी। बारिश के दौरान नदी में पानी बहने से पांडूरी-किवरली मार्ग से कई दिनों तक आवागमन बंद रहता है।

तब किवरली के ग्रामीणों को करीब सात किलोमीटर रास्ता पार कर तलहटी होकर आबूरोड आना पड़ता है। पुल बनने पर किवरली से आबूरोड की दूरी महज साढ़े तीन किलोमीटर रह जाएगी।

आदिवासी बहुल भाखर, कारोली, मोरडू, मुदरला, डेरना, देलदर, क्यारा, आमथला, पांडूरी गांव के लोगों के लिए भी आवागमन काफी सुविधाजनक होगा।

आमथला गांव में माध्यमिक शिक्षा बोर्ड परीक्षा का केंद्र नहीं होने से यहां के छात्र-छात्राएं परीक्षा देने नदी से या किवरली पुराना टोल नाका होते हुए किवरली गांव जाते हैं। इसमें काफी समय लगता है। पुल बनने से उनके लिए किवरली आना-जाना आसान हो जाएगा।

कम की जाएगी चौड़ाई

राज्य सरकार ने पुल के लिए 7.70 करोड़ स्वीकृत किए थे। लागत अधिक आने से पीडब्ल्यूडी ने 11.93 करोड़ का संशोधित प्रस्ताव सरकार को भेजा, जिसे स्वीकृति नहीं मिली। ऐसे में विभाग पूर्व में स्वीकृत राशि से ही कुछ चौड़ाई कम कर पुल निर्माण करवाएगा।

ग्रामीणों ने की थी पहल

पिछले साल दिसंबर में किवरली के ग्रामीणों ने पहल कर नदी में सीमेंट के पाइप स्थापित व मिट्टी बिछवाकर कच्चा रास्ता बनवाया था। क्योंकि नदी में पानी बहने से स्कूली बच्चों व ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी हो रही थी।

इस कार्य में गांव के भंवरलाल पुरोहित ने आर्थिक सहयोग प्रदान किया था। ट्रैक्टर संचालकों ने मिट्टी की व्यवस्था की थी। अन्य ग्रामीणों का भी सहयोग रहा था।

इनका कहना है

पांडूरी-किवरली के बीच नदी पर रोड ब्रिज का निर्माण शीघ्र शुरू करवाया जाएगा। कार्यादेश जारी कर दिए हैं।

  • रमेश परिहार, अधिशासी अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग, आबूरोड