27 अप्रैल 2026,

सोमवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

LPG Crisis: 45 दिन बाद भी नहीं मिला गैस सिलेंडर, उपभोक्ताओं ने डीलर की खोली पोल

LPG Crisis: गैस एजेंसी संचालकों की मनमानी से उपभोक्ता परेशान हैं। सिलेंडर की किल्लत के कारण लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। हालात यह हैं कि 45 दिन बाद भी गैस की आपूर्ति नहीं हो रही, जिससे रसोई का काम प्रभावित हो रहा है।

2 min read
Google source verification
LPG Crisis No Gas Cylinder Even After 45 Days Consumers Expose Dealer

गैस सिलेंडर के लिए प्रदर्शन करते हुए लोग (पत्रिका फोटो)

बागोड़ा (सिरोही): क्षेत्र में इन दिनों घरेलू गैस सिलेंडर की किल्लत ने उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ा दी है। हालात यह हैं कि ग्रामीण इलाकों में 45 दिन बीत जाने के बावजूद भी कई उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहे हैं।

लोग सुबह से एजेंसियों के बाहर कतार में खड़े रहते हैं। लेकिन पूरे दिन इंतजार के बाद भी खाली हाथ लौटने को मजबूर हैं। इससे आमजन में भारी आक्रोश व्याप्त है।

उपभोक्ताओं का आरोप है कि गैस एजेंसी संचालक जानबूझकर सिलेंडरों की आपूर्ति में ढिलाई बरत रहे हैं। उनका कहना है कि एजेंसियों के पास पर्याप्त स्टॉक होने के बावजूद वितरण नहीं किया जा रहा है। गैस सिलेंडर के दाम बढने की आशंका के चलते डीलर लालचवश सिलेंडर रोककर रख रहे हैं, जिससे कृत्रिम किल्लत पैदा हो गई है।

ग्रामीण उपभोक्ताओं का कहना है कि सरकार की ओर से 45 दिनों के भीतर गैस सिलेंडर उपलब्ध कराने की व्यवस्था तय की गई है, लेकिन बागोड़ा क्षेत्र में इस आदेश की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। कई गांवों में निर्धारित अवधि बीतने के बाद भी सिलेंडर नहीं पहुंच रहे, जिससे रसोई व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है।

इधर, संबंधित विभाग के अधिकारी क्षेत्र में गैस की नियमित आपूर्ति होने का दावा कर रहे हैं और किसी भी प्रकार की कमी से इनकार कर रहे हैं। हालांकि, जमीनी हकीकत इससे अलग नजर आ रही है।

उपभोक्ताओं का सवाल है कि जब आपूर्ति नियमित है तो उन्हें सिलेंडर के लिए बार-बार चक्कर क्यों लगाने पड़ रहे हैं। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि गैस एजेंसियों की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाई जाए और यदि कहीं अनियमितता पाई जाती है तो संबंधित संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

नियमित रूप से आपूर्ति हो रही है। विभाग की ओर से कोई कमी नहीं आ रही है और अगर कोई समस्या है तो सुधार करवाया जाएगा।
-नमिता नारवाल, जिला रसद अधिकारी

दो दिनों से सप्लाई नहीं मिल रही है, इसलिए समस्या आ रही है। नियमित रूप से आपूर्ति शुरू होने पर समस्या का समाधान हो जाएगा।
-कमल सिंह, डीलर, सुराणा