
एआई तस्वीर
आबूरोड। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने शहर के निकट टेकरी वाले हनुमान मंदिर के सामने एनएच-27 पर बॉक्स कलवर्ट ब्रिज निर्माण को स्वीकृति दे दी है। इस कार्य पर करीब 27 करोड़ रुपए खर्च होंगे। पुल बनने से एक दर्जन से अधिक गांवों के लोगों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित व सुगम आवागमन की सुविधा मिलेगी। सबसे महत्वपूर्ण यह है कि इस स्थान से ब्लैक स्पॉट का दाग मिटेगा और सड़क हादसों में कमी आने की उम्मीद है।
वर्ष 2009-10 में आबूरोड के पास फोरलेन सड़क का निर्माण हुआ था। तब से खड़ात, किवरली, ओर, मोरथला, देलदर, डेरना सहित आदिवासी बहुल भाखर क्षेत्र के गांवों के ग्रामीण और हनुमान मंदिर दर्शन को आने वाले राजस्थान व गुजरात के श्रद्धालु हाईवे पार कर आवागमन कर रहे हैं। गर्मी के दिनों में ग्राम पंचायत खड़ात के रेबारीवास में हैंडपंपों का जल स्तर काफी नीचे चला जाता है, जिससे लोगों को हाईवे के दूसरी ओर जोडियाफली क्षेत्र में पानी भरने जाना पड़ता है। इस दौरान हादसे का खतरा बना रहता है।
हाईवे पर जिस कट पर यह ब्रिज बनाया जाएगा, वह स्थान ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित है। बीते वर्षों में यहां सड़क पार करते समय और अन्य कारणों से हुए हादसों में कई लोगों की जान जा चुकी है, जबकि दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। पुल बनने के बाद ग्रामीणों को हाईवे पार करने की परेशानी से राहत मिलेगी और वे सुरक्षित रूप से नीचे से एक स्थान से दूसरे स्थान जा सकेंगे। इससे पशुओं के हादसों में भी कमी आएगी।
एनएचएआई के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली मुख्यालय से आबूरोड के पास टेकरी वाले हनुमान मंदिर के निकट बॉक्स कलवर्ट पुल निर्माण को मंजूरी मिल चुकी है। टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और ठेकेदार कंपनी की ओर से करीब एक महीने में निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। परियोजना के लिए राशि भी आवंटित कर दी गई है। पुल के दोनों ओर सर्विस रोड का निर्माण भी किया जाएगा।
वर्ष 2007 में फोरलेन हाईवे निर्माण की योजना सामने आने पर ग्राम पंचायत खड़ात की तत्कालीन सरपंच एवं वर्तमान प्रशासक केसरी बाई ने ओवरब्रिज की मांग उठाई थी। उस समय टेकरी वाले हनुमान मंदिर के महंत दिवंगत कस्तूरनाथ महाराज ने तत्कालीन जालोर-सिरोही सांसद सुशीला बंगारू को पत्र सौंपकर यहां ब्रिज बनाने की मांग की थी।
वर्ष 2008 में कांग्रेस के तत्कालीन राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत ने राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्री टीआर बालू को पत्र लिखकर अंडरब्रिज निर्माण का आग्रह किया था। इसके अलावा लोकसभा सांसद लुंबाराम चौधरी, राज्यसभा सांसद नीरज डांगी, पूर्व पालिकाध्यक्ष सुरेश सिंदल और मगनदान चारण सहित मंदिर के गादीपति प्रेमनाथ ने भी समय-समय पर इस मांग को उठाया।
Published on:
02 Apr 2026 06:00 am
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
