
राजस्व बोर्ड के निर्देश पर प्रशासन ने वेरारामपुरा में 42 बीघा भूमि से हटाया अतिक्रमण, भारी पुलिस जाब्ता रहा तैनात
शिवगंज. निकटवर्ती वेरा रामपुरा गांव में राजस्व बोर्ड के आदेश पर महादेव मंदिर के समीप आठ खसरों में स्थित करीब 42 बीघा भूमि पर किए गए अतिक्रमण को गुरुवार के दिन प्रशासन ने कार्रवाई कर हटा दिया। गांव में माहौल बिगडने की संभावना एवं कानून व्यवस्था के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। कार्रवाई के दौरान एकबारगी ग्रामीणों के विरोध के चलते माहौल गर्मा गया था, मगर उपखंड अधिकारी भागीरथराम चौधरी एवं तहसीलदार नीरज कुमारी ने नागरिकों से समझाईश कर उन्हें शांत किया।
जानकारी के अनुसार वेरारामपुरा में महादेव मंदिर के समीप आठ खसरों में स्थित करीब 42 बीघा भूमि पर कुछ लोगों ने अतिक्रमण कर वहां भूखंड काट दिए थे। जहां भूखंड काटे गए है, वहां लोगों ने पत्थर डाल कर दीवार बना दी। इस बेशकीमती भूमि पर अतिक्रमण का मामला राजस्व मंडल अजमेर में चल रहा है। राजस्व मंडल की एकलपीठ के सदस्य सी.आर. मीना ने 19 सितंबर 2022 को दोनों पक्षों की बहस सुनकर अपना निर्णय सुनाते हुए स्थगन प्रार्थना पत्र को आंशिक स्वीकार कर आदेश देते हुए जिला कलक्टर सिरोही के 5 अगस्त 2021 के निर्णय में अंकित विवादित आराजी पर पेड काटने, प्लॉट काटने, बेचान, निर्माण कार्य करने आदि अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी थी। साथ ही मौके पर यथास्थिति बनाए रखने एवं ग्राम पंचायत को नोटिस जारी करने का आदेश दिया।
दल बल के साथ मौके पर पहुंचा प्रशासन
राजस्व मंडल के स्थगन आदेश की अनुपालना में जमीन पर डाले हुए पत्थरों को हटाने व दीवार को तोडऩे के लिए गुरूवार सुबह करीब 11 बजे प्रशासनिक अधिकारी एसडीएम भागीरथराम चौधरी, तहसीलदार नीरज कुमारी, थानाधिकारी अचलदान, सिरोही पुलिस लाइन से सीआई बुद्धाराम चौधरी करीब 80 पुलिस कर्मियों का जाब्ता जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंचा। उधर, अधिकारियों के गांव पहुंचने की जानकारी मिलते ही महादेव मंदिर के बाहर बड़ी संख्या में ग्रामीण महिला, पुरुष एकत्रित हो गए तथा प्रशासन की कार्रवाई का विरोध करने लगे। विरोध प्रदर्शन के दौरान गांव की महिलाएं तो जाजम पर बैठी रही, लेकिन पुरूषों ने दीवार को तोडऩे व पत्थरों को हटाने का जबरदस्त विरोध किया। ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए एसडीएम चौधरी व तहसीलदार नीरज कुमारी ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया। नागरिकोंं का कहना था कि यह जमीन गांव वालों की है।
अतिक्रमण स्थल से हटाए पत्थर, तोडी दीवार
काफी देर तक ग्रामीणों व प्रशासनिक अधिकारियों के बीच चली वार्ता के बाद एसडीएम के निर्देश पर जेसीबी मशीन से विवादित भूमि पर डाले हुए पत्थरों को ट्रैक्टर-ट्रॉली में भरवाकर हटवाने की कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई। अतिक्रमण स्थल पर जहां भूखंड काटे गए थे, वहां से पत्थर के टुकड़े जो भूखंड की निर्धारित भूमि पर लगाए गए थे उन्हें भी मौके से हटवा दिया गया। प्रशासन की ओर से की गई इस कार्रवाई के दौरान पूरे गांव में तनाव का माहौल बना रहा।
Published on:
7 Oct 2022, 3:51 PM IST
बड़ी खबरें
View Allसिरोही
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.