
नगर परिषद में बुधवार को जनसुनवाई कार्यक्रम प्रस्तावित होने से लोग आते गए, लेकिन सभागार पर ताला लगा होने से निराश लौट गए।पता चला कि जनसुनवाई में कोई अधिकारी ही नहीं आया।लोगों ने पूछा तो बताया कि आगामी दिनों में जनसुनवाई होगी। कार्यक्रम के अनुसार एसडीएम की मौजूदगी में जनसुनवाई करनी थी।इसमें शहर के एक से 25 तक के वार्डों की समस्याओं पर सुनवाई करनी थी। इसके लिए लोग समस्याएं लेकर आए भी, लेकिन किसी अधिकारी को मॉजूद नहीं देखा तो निराश हो गए।आक्रोशित लोगों ने बताया कि सुनवाई करनी ही नहीं थी तो बुलाया क्यों, लेकिन रोष भी किससे सामने जाहिर करते। आखिर समस्याओं के पुलिंदें कांख में दबाए और निराश होकर घर लौट गए।
आखिर किसे बताएं
सम्पूर्णानंद कॉलोनी निवासी मारुफ भाई ने बताया कि कॉलोनी में कई दिनों से सड़क टूटी पड़ी है। ठेकेदार ने नई बनाने के लिए पुरानी सड़क को तोड़ा था, लेकिन काम अभी तक शुरू नहीं किया, जिससे समस्या हो रही है। सुनवाई में इन समस्याओं को लेकर आए थे, लेकिन यहां कोई नहीं मिला। शहर में बिजली, पानी, सड़क, नाली, गंदगी समेत अन्य समस्याओं को लेकर लोग जनसुनवाई में आए, लेकिन यहां ताला लटका मिला तो उम्मीद खत्म हो गई।लोगों ने बताया कि गंदगी में चलना दूभर हो रहा है। समय पर सफाई तक नहीं होती। सड़कों की स्थिति खराब हो रही है। यहां समस्या समाधान की उम्मीद लेकर आए थे, लेकिन समस्या है कि खत्म होने का नाम नहीं ले रही है।
जिम्मेदारों के जवाब...
मैं बैठक के लिए जयपुर आया हूं। जनसुनवाई के लिए अधिकारी नियुक्त किया था, वे क्यों नहीं पहुंचे इसकी जानकारी नहीं है।
-महेंद्रप्रताप सिंह, एसडीएम, सिरोही
जनसुनवाई कार्यक्रम रखा था, लेकिन मैं जयपुर आया हूं। सुनवाई क्यों नहीं हुई इसकी अभी जानकारी करता हूं।
-रामकिशोर माहेश्वरी, आयुक्त, नगर परिषद, सिरोही
Published on:
1 Sep 2016, 11:24 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.