
वो जगह जहां मुलायम सिंह का मंदिर बन रहा है(बायें), अमरनाथ यादव(दायें)
सीतापुर और बाराबंकी की सीमा पर बसे गांव शिवरा में एक बड़ा मंदिर बन रहा है। ये मंदिर किसी देवी-देवता का नहीं बल्कि समाजवादी पार्टी के संस्थापक और यूपी के पूर्व सीएम मुलायम सिंह यादव का मंदिर है।
मुलायम सिंह यादव के इस मंदिर को बनवाने वाले अमरनाथ यादव शिवरा गांव के प्रधान हैं। अमरनाथ मुलायम सिंह यादव के बड़े प्रशंसक और समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता हैं। अमरनाथ इस मंदिर को बनवाने में जुटे हुए हैं।
अंतिम दर्शन ना कर सके तो बनवा रहे मंदिर
अमरनाथ यादव का कहना है कि वो मुलायम सिंह यादव के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं। वो उनको एक महान नेता की तरह देखते हैं। उनको मुलायम सिंह यादव के निधन की सूचना मिली तो वो गांव में ही थे।
अमरनाथ कहते हैं, "मैं लखनऊ पहुंचा तो नेताजी का पार्थिव शरीर अंतिम संस्कार के लिए जा चुका था। इसने मेरा दिल दुखाया। मैंने उस जगह से मिट्टी उठाई, जहां नेताजी की शव रखा गया था। उस मिट्टी को लेकर पद यात्रा करते हुए गांव आया और यहां मिट्टी दफनाते हुए मंदिर का शिलान्यास कर दिया।
40 फीट ऊंचा बनेगा मंदिर
अमरनाथ का कहना है कि जब मंदिर बनाने की शुरुआत हुई तो पता नहीं था कि कितना बड़ा मंदिर बन पाएगा। धीरे-धीरे लोगों ने मदद करना शुरू कर दिया। अब जिस तरह से लोग चंदा दे रहे हैं, उससे मुझे यकीन है कि कम से कम 40 फीट उंचा मंदिर हम बनाएंगे।
बीते साल हो गया था मुलायम सिंह का निधन
उत्तर प्रदेश और केंद्र की राजनीति में 5 दशक सक्रिय रहने वाले मुलायम सिंह का बीते साल 10 अक्टूबर को निधन हो गया था। मुलायम सिंह यादव उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री रहने के अलावा केंद्र सरकार में रक्षा मंत्री भी रहे। मुलायम सिंह यादव समाजवादी पार्टी के संस्थापक थे। जिसके अध्यक्ष इस समय उनके बेटे अखिलेश यादव हैं। सपा फिलहाल उत्तर प्रदेश में मुख्य विपक्षी दल है।
Updated on:
23 Mar 2023 10:49 am
Published on:
23 Mar 2023 10:49 am
