
कनाडा बनाम बोस्निया (फोटो- IANS)
CAN vs Bosnia Highlights, 2026 FIFA World Cup: फीफा वर्ल्डकप 2026 के तीसरे मुकाबले में कनाडा दूसरे हाफ में गोल कर हार से बचने में सफल रही। इस मुकाबले के पहले हाफ में जहां बोस्निया एंड हर्जेगोविना (Bosnia and Herzegovina) के जोवो ल्युकिक ने 21वें मिनट में गोल किया, तो वहीं काइल लैरिन ने 78वें मिनट में गोल कर कनाडा को बराबरी दिलाई। इसके बाद इंजरी टाइम तक भी कोई टीम गोल नहीं कर सकी और मुकाबला 1-1 की बराबरी पर खत्म हुआ।
इस मुकाबले में 51 प्रतिशत बॉल पजेशन कनाडा के पास रहा, जबकि बोस्निया ने 49 प्रतिशत समय तक गेंद पर अपनी पकड़ बनाए रखी। इस दौरान कनाडा ने चार बार गोल पर निशाना लगाया, जबकि उनके कई शॉट टारगेट से दूर रहे। वहीं बोस्निया ने तीन बार गोल पर निशाना साधा और पांच बार उनके शॉट गोल से काफी दूर रहे। हालांकि पहले मैच की तरह इस मुकाबले में किसी खिलाड़ी को रेड कार्ड नहीं मिला, लेकिन बोस्निया के खिलाड़ियों को तीन येलो कार्ड दिखाए गए, जबकि कनाडा को दो येलो कार्ड मिले।
मैच की शुरुआत में ही बोस्निया ने बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन घरेलू दर्शकों के बीच खेल रही कनाडा की टीम ने जवाबी हमला करते हुए शुरुआती मिनटों में कांटे की टक्कर दी। हालांकि 21वें मिनट में बोस्निया और हर्जेगोविना के जोवो ल्युकिक ने गोल कर अपनी टीम को 1-0 से आगे कर दिया। आपको बता दें कि यह उनका पहला अंतरराष्ट्रीय गोल भी था।
इस गोल के बाद बोस्निया का खेल और आक्रामक हो गया और पहले हाफ में कनाडा को बराबरी का मौका नहीं दिया। पहले हाफ के खत्म होने से कुछ देर पहले जोवो ल्युकिक को भी येलो कार्ड मिला। हाफ टाइम तक बोस्निया कनाडा के खिलाफ 1-0 से आगे थी। दूसरे हाफ में कनाडा ने लगातार बोस्निया के गोल पर अटैक किया, लेकिन उन्हें सफलता 78वें मिनट में मिली, जब सब्स्टीट्यूट के तौर पर मैदान पर उतरे काइल लारिन ने गोल कर टीम को बराबरी दिला दी।
इस मुकाबले में 78वें मिनट से पहले बोस्निया जीत की ओर बढ़ रही थी, लेकिन इस गोल ने पूरी तस्वीर बदल दी। इसके बाद कनाडा ने जीत के लिए पूरी ताकत लगा दी। हालांकि 90 मिनट तक कोई टीम दूसरा गोल नहीं कर सकी और 6 मिनट के इंजरी टाइम में भी दोनों टीमों के रक्षात्मक खेल की वजह से कोई गोल नहीं हुआ, जिसकी वजह से दोनों टीमों ने 1-1 की बराबरी के साथ एक-एक अंक हासिल किया।
अब बोस्निया का अगला मुकाबला 19 जून को Switzerland के खिलाफ होगा। वहीं इसी दिन भारतीय समयानुसार सुबह 3:30 बजे कनाडा का सामना कतर से होगा। यह मुकाबला वैंकूवर में खेला जाएगा।
Updated on:
13 Jun 2026 07:29 am
Published on:
13 Jun 2026 07:28 am
बड़ी खबरें
View Allखेल
ट्रेंडिंग
FIFA World Cup 2026
