श्रीगंगानगर. पदमपुर की धान मंडी में रविवार को हुए हादसे के चलते वहां की कृषि उपज मंडी समिति के सचिव पवन भास्कर को निलम्बित कर उनका कार्यभार श्रीकरणपुर की मंडी समिति के सचिव सुरेंद्र खोथ को सौंपा गया है। उधर, विभाग के क्षेत्रीय संयुक्त निदेशक सुभाष सहारण एवं विपणन अधिकारी दीपक अग्रवाल ने मौका मुआयना किया और पूरा ब्यौरा जुटाया। मंडी सचिव की ओर से जारी की गई स्वीकृति की प्रति प्राप्त की साथ ही शेड टूटने से हुए नुकसान की जानकारी ली। इस बीच, सुरेंद्र खोथ ने सोमवार शाम को पदमपुर पहुंच कर मंडी सचिव का कार्यभार संभाल लिया।