
police checking
श्रीगंगानगर.
हनुमानगढ़.कांस्टेबल भर्ती परीक्षा शनिवार व रविवार को दोनों जिलों में शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हो गई। दोनों जिलों में नकल का कोई भी मामला सामने नहीं आने पर पुलिस प्रशासन ने राहत की सांस ली। श्रीगंगानगर जिले में श्रीगंगानगर के बारह व सूरतगढ़ के दो परीक्षा केन्द्रों पर परीक्षा हुई। इन केन्द्रों पर रविवार को दोनों पारियों में 16848 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 15183 ने परीक्षा दी। वहीं 1665 अनुपस्थित रहे।
वहीं हनुमानगढ़ जिला मुख्यालय पर 12 केन्द्रों पर अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। हनुमानगढ़ में दूसरे दिन के लिए 12912 परीक्षार्थी पंजीकृत थे जिनमें से 11669 ने परीक्षा में हिस्सा लिया जबकि 1183 गैर हाजिर रहे। सुरक्षा की दृष्टि से सभी केद्रों पर चाक चौबंद व्यवस्था की गई। जंक्शन में सरस्वती कन्या स्कूल में बनाए गए परीक्षा केंद्र में एक धर्म विशेष के अभ्यर्थी को प्रवेश देने से पहले उसकी चेकिंग करने पर कुछ देर विवाद हुआ। लेकिन एएसपी हरिराम चौधरी ने मौके पर जाकर उसकी गहनता से तलाशी लेने के बाद उसे परीक्षा केंद्र में प्रवेश दे दिया। इसके बाद परीक्षा सुचारू रूप से चली।
पुलिस कर्मियों ने ली राहत की सांस
रविवार को दूसरी पारी की परीक्षा शांतिपूर्वक संपन्न होने तथा परीक्षार्थियों के गंतव्य के लिए लौटने के बाद पुलिसकर्मियों ने राहत की सांस ली। दो दिन से कांस्टेबल परीक्षा में 600 पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगी हुई थी। इसमें जिले के सभी थानों के प्रभारी, सीओ सहित अन्य अधिकारी शामिल रहे। टै्रफिक पुलिस और थानों का जाब्ता भी तैनात रहा। बस स्टैण्ड व रेलवे स्टेशन पर भी पुलिस ने चौकसी बरती।
केन्द्रों से बाहर निकलने पर खुश नजर आए परीक्षार्थी
पुलिस कांस्टेबल परीक्षा देकर परीक्षा केन्द्रों से बाहर आए परीक्षार्थी खुश नजर आए। परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर काफी अच्छा रहा। अधिकांश परीक्षार्थियों ने बताया कि पेपर सरल था, जिससे उनको अच्छे नंबर आने की उम्मीद है।
हिन्दुमलकोट रोड पर लगा रहा मेला
हिन्दुमलकोट रोड पर कांस्टेबल भर्ती परीक्षा के तीन बड़े सेंटर थे। जिसमें दो कॉलेज व एक निजी स्कूल में सेंटर था। जिसमें हजारों की संख्या में अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी। यहां सुबह की पारी के दौरान आठ से दस बजे तक मेला लगा रहा। दोपहर बारह बजे पहली पारी की परीक्षा सम्पन्न होने पर वहां मेला सा लग गया।
Published on:
15 Jul 2018, 9:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.