
विद्यालय पर तालाबंदी कर लगाया धरना
10 सरकारी.
चक 17-18 एसडी के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में अध्यापकों के स्थानांतरण की मांग को लेकर सोमवार को ग्रामीणों ने विद्यालय की तालाबंदी कर अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया। लेकिन धरना स्थल पर पहुंचे शिक्षा अधिकारियों के साथ हुई वार्ता के बाद इस विद्यालय में नियुक्त अध्यापकों को अन्य विद्यालयों में लगाए जाने व यहां नए अध्यापक लगाए जाने के आदेश जारी करने के बाद ग्रामीणों ने धरना उठा लिया। वार्ता में ग्रामीण मनमीत सिंह, गुरमीत सिंह, वार्ड पंच चानन सिंह, भाजपा देहात मंत्री शिब्बू करण सहित ग्रामीण शामिल हुए। विद्यालय में एक अध्यापक व एक अध्यापिका नियुक्त हैं।
ग्रामीणों ने लगाए आरोप
ग्रामीणों ने अध्यापकों पर अधिकांश समय विद्यालय से अनुपस्थित रहने व प्रधानाध्यापक पर विद्यालय में स्वंय नहीं पढ़ा कर गांव की एक युवती को हजार रुपये प्रतिमाह देकर शिक्षण कार्य करवाए जाने जैसे गंभीर आरोप लगाते हुए इनके स्थानांतरण की मांग करते हुए धरना शुरू किया था। ग्रामीणों का आरोप है कि अध्यापकों द्वारा बच्चों को नहीं पढ़ाये जाने के कारण उनका भविष्य अंधकार मय होता देख ग्रामीणों ने इसकी शिकायत कई बार शिक्षा अधिकारियों से की परंतु उनकी कोई सुनवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों का कहना है कि विद्यालय में पहले साठ से अधिक बच्चे थे परंतु अध्यापकों की उदासीनता के चलते अब नामांकन घटकर 32 रह गया है। इससे पूर्व ग्रामीणों ने 26 जून को ब्लॉक शिक्षा अधिकारी श्रीबिजयनगर को ज्ञापन सौंपकर विद्यालय में नियुक्त अध्यापकों का स्थानांतरण कर व अन्य अध्यापक लगाए जाने की मांग की थी। परंतु इस संबंध में कोई कार्यवाही नहीं होने पर ग्रामीणों ने सोमवार से विद्यालय में तालाबंदी कर धरना शुरु कर दिया।
धरना स्थल पर पहुंचे शिक्षा अधिकारी
धरने की सूचना पाकर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी हाकम सिंह, अतिरिक्त ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मनीष गोदारा, पदेन पंचायत एवं प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी प्रेमाराम रांगेरा ने धरना स्थल पर पहुंच कर ग्रामीणों से वार्ता की। परंतु ग्रामीण अध्यापकों को हटाकर उनके स्थान पर नए अध्यापक लगाए जाने के आदेश जारी करने के बाद ही धरना उठाए जाने पर अड़ गए। इस पर ब्लॉक शिक्षा अधिकारी व पदेन पंचायत एंव प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी ने दो अलग-अलग आदेश जारी कर यहां नियुक्त अध्यापिका सुमन वर्मा को 3 जेएसडी व प्रधानाध्यापक कैलाश चंद मीणा को 11 जोइयांवाली में अस्थाई तौर पर लगाकर विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था को सुचारु करने के लिए राजकीय प्राथमिक विद्यालय 3 जेएसडी में नियुक्त अध्यापिका विद्या देवी व राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय 11 जोइयांवाली में नियुक्त अध्यापिका अंजू देवी को आगामी आदेश तक 17-18 एसडी के विद्यालय में लगाने के आदेश प्रति ग्रामीणों को सौंपी। इस पर ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।
अध्यापिका अंजू देवी के प्रसूती अवकाश पर होने के कारण पदेन पंचायत एवं प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी ने अपना आदेश संशोधित कर अंजू देवी के स्थान पर 11 जोइयांवाली में नियुक्त महेश कुमार को 18 एसडी में लगाया।
Published on:
03 Jul 2018 09:30 am
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
