
श्रीगंगानगर. चूनावढ़ थाना क्षेत्र के गांव चक 23 जीजी में शराबबंदी आंदोलन की राष्ट्रीय अध्यक्ष पूजा छाबड़ा की अगुवाई में महिलाओं ने शराब और नशीली दवाओं की अवैध बिक्री करने वालों के खिलाफ शुक्रवार को कार्रवाई करवाई। ग्राम पंचायत 21 जीजी सरपंच नवदीप कौर सहित महिलाएं शराब और नशीली दवाओं की बिक्री के खिलाफ आगे आईं। महिलाओं ने चूनावढ़ पुलिस की मौजूदगी में शराब की एक अवैध दुकान को बंद करवा दिया। ग्राम में एक परचून की दुकान पर नशीली दवाएं बिकने का पता चलने पर दुकानदार को पुलिस से पाबंद करवाया। सरपंच नवदीप कौर व गांव की कईं अन्य महिलाओं ने पूजा छाबड़ा को अवगत करवाया था कि उनके गांव में शराब की अवैध दुकान चल रही है। परचून की दुकानों पर नशे के तौर पर इस्तेमाल होने वाली दवाइयां भी खुलेआम बिकती हैं। पुलिस और प्रशासन इन पर कोई कार्यवाही नहीं कर रहा।
शुक्रवार सुबह पूजा छाबड़ा ने पुलिस महानिरीक्षक विपिनचंद्र पांडे को फोन पर ग्राम 23 जीजी सहित जिला मुख्यालय व आसपास के गांवों में इस तरह से अवैध रूप से खुली शराब की दुकानों व नशे के तौर पर इस्तेमाल होने वाली दवाओं की खुली बिक्री के बारे में बताया। पुलिस महानिरीक्षक ने तुरंत ही ठोस कार्यवाही करने का आश्वासन दिया। इसके बाद एएसपी सुरेन्द्र सिंह राठौड़ ने पूजा छाबड़ा से इस पूरे मामले की जानकारी ली। इसके बाद उनके निर्देश पर चूनावढ़ थाना से एएसआई कलवंत व कईं पुलिसकर्मी गांव 23 जीजी पहुंचे। इससे पहले पूजा छाबड़ा भी अपनी टीम के साथ गांव में पहुंच गईं। पुलिस ने शराब की दुकान पर छापा मारा। महिलाओं ने बताया कि ठेकेदार ने यह अवैध रूप से दुकान खुलवा रखी है। पूजा छाबड़ा ने इस दुकान को ताला लगाया और चाबी एएसआई के सुपुर्द कर दी। मौके पर ही पुलिस ने ठेकेदार को तलब किया। ठेकेदार ने अपनी गलती मानते हुए गांव वालों को भरोसा दिलाया कि अब इस दुकान से शराब नहीं बेची जाएगी।
मामले की करवा रहे हैं जांच : थाना प्रभारी
इस संबंध में चूनावढ़ थाना प्रभारी चंद्रजीत सिंह का कहना है कि 23 जीजी में एक दुकान पर नशीली गोलियां मिलने की सूचना मिली थी। स्वास्थ्य विभाग से पता करवाने पर वे गोलियां दर्द निवारक निकली, फिर भी मामले की जांच कर रहे हैं। सुखदेव सिंह को अवैध शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है। जिससे 34 पव्वे देशी शराब और चार अंग्रेजी शराब की बोतल जब्त की है।
Published on:
28 Apr 2018 07:09 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
