
sewerage work
- राज्य कर्मचारी कॉलोनी की तीन गलियों में लोग परेशान
श्रीगंगानगर.
नगर विकास न्यास कार्यालय से चंद कदम दूर हनुमान चौक के पास राज्य कर्मचारी कॉलोनी में सीवर खुदाई से हालात बिगड़ गए हैं। इस कॉलोनी की तीन गलियों में लोगों की आवाजाही थम गई है। यहां तक कि लोगों को अपने घरों में जाना मुश्किल हो गया है। कॉलोनीवासियों को अपने वाहन रिश्तेदारों के यहां पार्क करने पड़ रहे हैं या सूने इलाके में खड़े करने पड़ रहे हैं। इस मोहल्ले के लोगों ने नगर विकास न्यास प्रशासन को कई बार व्यक्तिगत तौर पर अवगत करवाया लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। यहां तक कि न्यास अध्यक्ष ने भी आश्वासन के सिवाय कुछ नहीं दिया। इन लोगों ने अब कानूनी प्रक्रिया अपनाने का रास्ता चुनने का निर्णय किया है।
कॉलोनी निवासी देवेन्द्र सिंह चहल ने बताया कि उसका घर तो राज्य कर्मचारी कॉलोनी में है लेकिन उसे चहल चौक तक जाने के लिए सेक्टर सत्रह में से हनुमानगढ़ रोड पर जाना पड़ रहा है। फिर वहां से चहल चौक पहुंचना होगा। इससे समय और धन खर्च होंगे।
खोद डाले गड्ढे
कॉलोनी के अभिषेक गौड़ का कहना है कि उसके घर की गली में इतने गड्ढे खोद दिए हैं कि किसी भी वाहन की आवाजाही नहीं हो सकती। एेसे में गंभीर बीमारी से ग्रसित व्यक्ति है तो उसे चिकित्सालय पहुंचाना मुश्किल हो रहा है।
कोई सुनता नहीं
गली नम्बर तीन के कुलदीप गौड़ के अनुसार न्यास और सीवर ठेका कंपनी के अधिकारी हमारी परेशानी समझ नहीं रहे। कई बार व्यक्तिगत आग्रह के बावजूद सब्र रखने की बात कहकर चले जाते हैं।
हम शहरी नहीं
इस मोहल्ले के शिवराजसिंह गिल का कहना है कि यूआईटी प्रशासन ने ठेका कंपनी के आगे अपने हाथ खड़े कर दिए हैं। बार-बार ठेका कंपनी के अधिकारियों के पास जाने की बात कह रहे हैं। क्या हम शहरवासी नहीं हैं?
Published on:
15 Feb 2018, 8:00 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.