राज्य सरकार की ओर से प्रदेश के शहरों में अपराध व अपराधियों की धरपकड़ व निगरानी तंत्र विकसित करने के लिए अभय कमांड योजना के तहत सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रोजेक्ट चल रहा है। इस प्रोजेक्ट में अजमेर इस निगरानी तंत्र से सुसज्जित है और अन्य शहरों में इसकी कवायद चल रही है। इसी योजना के तहत श्रीगंगानगर सिटी में भी करीब साठ प्रतिशत कार्य पूर्ण हो चुका है। शहर में करीब 292 सीसीटीवी कैमरे लगाने के स्थान चिह्नित किए गए थे। जहां कैमरे लगाने के लिए खंभे नहीं थे, वहां खंभे व वायर लगाने का काम पूर्ण हो चुका है। कुछ स्थानों पर अभी वायरिंग का कार्य चल रहा है। वायरिंग काम पूर्ण होते ही यहां कैमरे लगाने का काम शुरू किया जाएगा।