महेन्द्रसिंह शेखावत
Rajasthan Assembly Election 2023 : पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले इस बार प्रत्याशियों की संख्या कम हुई है। बड़ी संख्या में बागी होने तथा कई जगह त्रिकोणीय संघर्ष के बावजूद इस बार पिछले विधानसभा चुनाव के मुकाबले 419 प्रत्याशी चुनाव मैदान में कम उतरे हैं। पिछले चुनाव 2018 में प्रदेश में कुल 2294 प्रत्याशी मैदान में थे, जिनकी संख्या घटकर इस बार 1875 रह गई। पिछले चुनाव की टॉप पांच विधानसभाओं के मामले में यह आंकड़ा थोड़ा और दिलचस्प हो जाता है। खास बात यह है कि यह पांचों टॉप विधानसभाएं जयपुर जिले की हैं। यह पांच सीटें समूचे प्रदेश की मात्र अढाई फीसदी हैं लेकिन रोचक बात यह है कि इन अढाई फीसदी सीटों पर 21 फीसदी प्रत्याशी कम हो गए। यह आंकड़ा समूचे प्रदेश के औसत प्रतिशत 18.26 प्रतिशत से भी ज्यादा है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश में पिछली बार के विधानसभा चुनाव में सर्वाधिक प्रत्याशी जयपुर के किशनपोल विधानसभा से 46 थे। इस मामले में जयपुर इस बार भी पहले स्थान पर हैं, क्योंकि जिले के झोटवाड़ा विधानसभा में इस बार सर्वाधिक 18 प्रत्याशी मैदान में हैं। सबसे कम प्रत्याशी लालसोट में हैं। यहां तीन जबकि लाडनूं में चार प्रत्याशी मैदान में है। खास बात यह है कि लालसोट एवं लाडनू में कोई निर्दलीय प्रत्याशी नहीं है।